• डीएम ने पंचायत सरकार भवन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व कार्य, फार्मर रजिस्ट्रेशन एवं राशन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा

• वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी,डीसीएलआर, बीडीओ,सीओ एवं संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार की अध्यक्षता में पंचायत सरकार भवन निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व कार्यों, फार्मर रजिस्ट्रेशन, राशन कार्ड निर्माण सहित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी तथा राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की समीक्षा से हुई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पेंशनधारियों का लाइफ सर्टिफिकेट एवं आधार सीडिंग समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कबीर अंत्येष्टि योजना के अंतर्गत लाभुकों को प्रदान की गई सहायता राशि की प्रविष्टि संबंधित पोर्टल पर अपलोड कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी वृद्ध पेंशनधारी की मृत्यु हो जाती है, तो उसे समय पर चिन्हित कर सुनिश्चित करें ।
बैठक में पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जिले में 24 स्थानों पर पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य लंबित है।
इस पर जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों एवं पंचायती राज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जहां निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां संबंधित अंचलाधिकारी एक सप्ताह के भीतर वैकल्पिक एवं उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
साथ ही कार्यपालक अभियंता,भवन निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया कि जहां भूमि उपलब्ध हो चुकी है, वहां बिना विलंब निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतिम आदेश हेतु लंबित सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाए।
उन्होंने वासगीत पर्चा से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की तथा सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यक अभिलेख तैयार कर शीघ्र डीसीएलआर कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राजस्व कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा लापरवाही बरतने वाले राजस्व कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि परिमार्जन (Mutation) के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि अगले सोमवार को विशेष अभियान चलाकर 4,000 फार्मर रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि राजस्व महाअभियान के दौरान प्राप्त परिमार्जन आवेदनों का भी समय पर निष्पादन किया जाए, जिससे किसानों को फार्मर रजिस्ट्रेशन बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों, राजस्व कर्मचारियों, प्रखंड कृषि पदाधिकारियों तथा किसान सलाहकारों को आपसी समन्वय स्थापित कर लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया।
बैठक में राशन कार्ड निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र परिवारों का अधिक से अधिक राशन कार्ड बनाना सुनिश्चित करें ।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाएगी।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal