• जन सहयोग शिविर में महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं सुरक्षा हेल्पलाइन की दी गई जानकारी।
• डीएचईडब्ल्यू की टीम ने महिला सशक्तिकरण, वित्तीय साक्षरता एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
दरभंगा जिले के बेनीपुर प्रखंड अंतर्गत बाथो रैयाम पंचायत भवन में जन सहयोग शिविर का सफल आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य आमजन, विशेषकर महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ना था।
शिविर में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), दरभंगा की ओर से लैंगिक विशेषज्ञ डॉली कुमारी एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार ने उपस्थित महिलाओं एवं आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित महिला हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक एवं कानूनी रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों तथा वित्तीय जागरूकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर महिला सुरक्षा एवं सहायता से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
उपस्थित लोगों को महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन-1930 तथा आपातकालीन सेवा-112 के प्रभावी उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही घरेलू हिंसा से संबंधित मामलों में जिला एवं अनुमंडल स्तर पर संचालित कार्यालयों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।
शिविर में अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर, बेनीपुर की कार्यालय सहायक प्रिया कुमारी ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं आमजन ने योजनाओं एवं सहायता सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कराया।
जन सहयोग शिविर के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ तथा स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम की सराहना की।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal