• विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमावर्ती गांवों से लौटे ‘माई भारत’ स्वयंसेवकों से किया संवाद
• वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में दरभंगा के स्वयंसेवकों ने एनआईसी केंद्र से की सहभागिता
प्रधानमंत्री ने कहा सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं,बल्कि पहले गांव हैं।

विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित ‘विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री भारत सरकार नरेंद्र मोदी ने सीमावर्ती (बॉर्डर) गांवों का दौरा कर लौटे ‘माई भारत’ (MY Bharat) के स्वयंसेवकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया।
इस राष्ट्रव्यापी संवाद कार्यक्रम में दरभंगा जिले के स्वयंसेवकों ने समाहरणालय स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) से वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त स्वप्निल स्वयंसेवकों के साथ उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की।
संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने स्वयंसेवकों से सीमावर्ती क्षेत्रों के अपने अनुभव, वहां की जीवनशैली, स्थानीय संस्कृति तथा विकास संबंधी चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम गांव नहीं, बल्कि “देश के पहले गांव” हैं। इन गांवों का सामरिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इनके सर्वांगीण विकास के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
प्रधानमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ निरंतर सांस्कृतिक आदान-प्रदान, स्थानीय परंपराओं के संरक्षण तथा युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सेवा भावना विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में संचालित ‘माई भारत’ (MY Bharat) मंच की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मंच युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्र सेवा तथा सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने अनुभवों को समाज के अन्य युवाओं के साथ साझा करने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत दरभंगा के स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री के प्रेरक विचारों से उत्साहित होकर देश के सीमावर्ती एवं सुदूर क्षेत्रों के विकास, सामाजिक जागरूकता तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय एवं सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने कहा कि सीमावर्ती गांवों की यात्रा ने उन्हें देश की विविध संस्कृति, स्थानीय परंपराओं तथा सीमावर्ती नागरिकों के जीवन को निकट से समझने का अवसर प्रदान किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal