प्रखंडों में संचालित कोरोना सर्वे कार्य के दौरान पांच सदिग्ध मरीजों की हुई पहचान
संदिग्धों को होम क्वारेंटीन करने का दिया निर्देश
मेडिकल टीम स्वाब जांच के लिये भेजेगी डीएमसीएच
सभी प्रखंडों में पांच दिन तक चलेगा सर्वे कार्य
दरभंगा. 2 मई. कोरोना संक्रमण के मद्देनजर जिले में कोरोना संदिग्ध व संक्रमित मरीजों की पहचान के लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं की ओर से दुबारा सर्वेक्षण किया जा रहा है. यह कार्य एक से पांच मई तक चलेगा. विगत दो दिन के कोरोना सर्वे कार्य में 5 संदिग्धों की पहचान हुई है. इसमें से 2 मरीज बेनीपुर, 1 बहादुरपुर, 1 गौराबौराम व 1 घनश्यामपुर प्रखंड का रहने वाला है. सभी मरीजों को तत्काल होम क्वारेंटिन में रखा गया है. उनका सैंपल लेकर जांच के लिये डीएमसीएच भेजा जायेगा. मालूम हो कि सर्वे कार्य 5 दिनों में पुरा किया जाना है. लेकिन कुछ प्रखंडों में कार्य शुरू नहीं होने के कारण आगे बढ़ाया जायेगा. इस दौरान किये जाने वाले सर्वेक्षण के दौरान करीब 5 लाख लोगों से कोरोना संबंधी पुछताछ की जायेगी. सभी घरों में जाकर सदस्यों से कोरोना संबंधी पुछताछ की जाती है. विशेष रूप से बाहर से आने वाले सदस्य के बारे में जानकारी ली जाती है. साथ ही घर में किसी सदस्य को सर्दी, खांसी व बुखार होने पर उसका नाम व नंबर विवरणी में अंकित किया जाता है. इस विवरणी को संबंधी पीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी को सुपूर्द की जाती है. वहां से मेडिकल टीम उस घर में जाकर संबंधित सदस्य की स्क्रीनिंग करते हैं. किसी प्रकार का संशय होने पर उसका मेडिकल चेकअप किया जाता है. कोरोना संदिग्ध होने पर उसे क्वांरेटिन कर चिकित्सा शुरू की जाती है. मालूम हो कि सर्वे कार्य आदि के बारे में इस दौरान जिले में बाहर राज्यों से या विदेशों से आए से आए सभी लोगों की जानकारी इकठ्ठी की जा रही है. इस अभियान में पल्स पोलियो की तर्ज पर डोर टू डोर सर्वे किया जा रहा है. इनके द्वारा 01 मई से 05 मई तक गांव के प्रत्येक घर में जाकर कोरोना के तीन प्रमुख लक्षण सर्दी, सांस लेने मे तकलीफ और खांसी के मरीजों की खोज करेंगी. इस तरह के लक्षण पाये जाने वाले लोगों का सैंपल जांच के लिए लिया जाएगा. इस दौरान 05 दिनों तक सभी गांवों के प्रत्येक घर को तलाशा जाएगा. वहीं इसके आगे के तीन तीन दिनों में फिर से इन जगहों का सर्वे किया जाएगा.
वार्ड से लेकर जिला स्तर तक बनाई गई है टीम
घर-घर सर्वे के लिए वार्ड स्तर से लेकर जिला स्तर तक टीम बनाई गई है. स्थानीय स्तर पर आंगनबाड़ी सेविकाएँ और आशा कर्मियों के साथ एएनएम घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं. तीन टीम पर एक सुपरवइजर को प्रतिनियुक्त किया गया है. जो कार्यो की देख- रेख करेगा. संबंधित सभी जानकारी जिला स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी.
पिछले सर्वे कार्य में 76 संदिग्धों की हुई पहचान, पोजिटिव एक भी नहीं
विदित हो कि कोरोना मरीजों की पहचान के लिये इससे पूर्व भी सर्वे कार्य किया गया था. इस दौरान आशा कार्यकर्ता व आंगनवाड़ी सेविकाओं ने 2 लाख 80 हजार लोगों से कोरोना को लेकर पुछताछ की थी. इसमें 76 संदिग्धों की पहचान की गयी थी. सभी मरीजों का सैंपल लिया गया. लेकिन जांचो परांत एक भी मरीज में कोरोना वायरस नहीं पाया गया. यह सर्वे कार्य पिछले माह 16 से 28 अप्रैल तक चला था. 16 दिनों में कुल 208217 घरों में 1059017 लोगों से पुछताछ की गयी थी.
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal