मजदूरों लो शपथ, हम बदलेंगे बिहार : आप
कर्नाटक, गोवा सरकारों पर बिहारी मजदूरों को बंधक बनाने का आरोप
पटना आम आदमी पार्टी (आप) ने लाखों प्रवासी मजदूरों और कामगारों से आह्वान किया है कि बिहार विधानसभा चुनाव तक यहीं रुकें और बिहार को बदलने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
आम

आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता चंद्र भूषण ने एक बयान जारी कर प्रवासी मजदूरों और कामगारों से अपील की है कि आप लानत, मलानत और जिल्लत सहते हुए अपने देस (गांव) लौट रहे हैं तो शपथ खाएं कि आगामी विधानसभा चुनाव तक यहीं रहेंगे और बिहार को बदलने के दिशा में अपनी भागीदारी निभाएंगे।
उन्होंने सभी श्रमिकों से कहा है कि यह वक्त राजनीति करने का नहीं है लेकिन 15 साल राजद और 15 साल जदयू- भाजपा गठबंधन की सरकारों को आपने सत्ता देकर देख लिया है कि कोरोना जैसी जानलेवा महामारी के दौरान भी मौजूदा सरकार ने असंवेदनशीलता का परिचय दिया। इस दृष्टिकोण से मौजूदा नीतीश सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने बिहार में विकास और सुशासन लाने के लिए कम से कम 10 साल मांगा था, बोनस में उन्हें 5 साल और दे दिया गया, लेकिन बिहार से न पलायन रुका न ही विकास हुआ, न ही रोजगार की कोई व्यवस्था हुई। न अच्छे अस्पताल हैं, न अच्छे स्कूल हैं तो पुनः अगर वह आने वाले विधानसभा चुनाव में वोट मांगने आएं तो उन्हें अपना सामूहिक औकात दिखा देना!उन्होंने गृह मंत्रालय के उस आदेश की भी आलोचना की, जिसमें कहा गया है कि जो लॉक डाउन से पहले बिहार से आकर यहां फंस गए हैं सिर्फ उन्हीं को ही बिहार या अन्य राज्यों में भेजा जाएगा और उन्हीं के लिए स्पेशल ट्रेन चलाया जाएगा।
आप प्रवक्ता चंद्र भूषण ने कहा कि स्वतंत्र भारत में इस प्रकार मजदूरों को बंधक बनाने से अंग्रेज जमाने के गिरमिटिया मजदूरों की याद हो आई है। मजदूरों को यातायात का प्रबंध न कराकर जबरन रोकने का विभिन्न सरकारों का यह प्रयास निंदनीय है और अमानवीय भी है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal