पांच सूत्र से दूर होगा कुपोषण, पोषण से सुधरेगी सेहत
– जिलास्तरीय पोषण परामर्श केंद्र का डीडीसी ने किया उद्घाटन
– पोषण
के साथ स्वच्छता पर भी दिया जा रहा जोर
– पोषण अभियान के तहत जिलास्तरीय पोषण परामर्श केंद्र हुई की स्थापना
मधुबनी,
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिलास्तरीय पोषण परामर्श केंद्र की स्थापना डीपीओ कार्यालय में की गई। इसका शुभारंभ डीडीसी अजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। सिंह ने कहा कि जिले में कुपोषण को दूर करने के लिए सामुदायिक सहभागिता को जोर दिया जा रहा है। आमजन में पोषण के प्रति नजरिया व उनके रोजाना के व्यवहार में बदलाव लाने के मद्देनजर पोषण परामर्श केंद्र की स्थापना की गई है। पोषण परामर्श केंद्र की मदद से माता-पिता अपने शिशुओं के बेहतर पोषाहार व उनमें कुपोषण की स्थिति की जानकारी भी ले सकते हैं। पोषण माह के दौरान पोषण परामर्श संबंधी कार्यों को प्रमुखता दी जा रही है।
आवश्यक पोषण की जानकारी प्राप्त करने में होगी सुविधा: डीडीसी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पोषण परामर्श केंद्र की मदद से शिशुओं, बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को आवश्यक पोषण की जानकारी प्राप्त करने में काफी सुविधा होगी। पोषण संबंधी जानकारियां प्राप्त कर इसका इस्तेमाल वे अपने रोजमर्रा की रसोई में खाना पकाने की गतिविधियों में शामिल कर सकेंगी। कुपोषित बच्चों के माता-पिता पोषण परामर्श केंद्र से विभिन्न प्रकार के भोजन में मौजूद उच्च खनिज पदार्थों के लाभ के बारे में जानकारी हासिल कर अपने बच्चों की सेहत बनाने में सहायक होंगे। इस मौके पर डीआईओ डॉक्टर एस के विश्वकर्मा, डीपीओ रश्मि वर्मा,केयर इंडिया के कर्मी, यूनिसेफ एस एम सी प्रमोद कुमार झा, चंचल कुमार तथा पोषण अभियान के जिला समन्वयक स्मित प्रतीक सिन्हा व केयर इंडिया के समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।
पोषण के साथ स्वच्छता पर भी दिया जा रहा जोर
डीपीओ रश्मि वर्मा ने कहा कि पोषण परामर्श केंद्र की मदद से महिलाओं व बच्चों में पोषण के साथ-साथ स्वच्छता जैसी बुनियादी बातों की जानकारी दी जाएगी। पोषण माह के दौरान परामर्श केंद्र संचालित रहेगा। उन्होंने कहा सामुदायिक सहभागिता से यह सुनिश्चित किया जाए कि गांव के हर घर में शौचालय हो और खुले में कोई भी शौच करने के लिए नहीं जाए। अच्छे पोषण का सीधा संबंध स्वच्छता से है। घर में पकाई जाने वाली चीजों को अच्छी तरह धोया जाए। बच्चों को खाना खिलाने से पहले व शौच के बाद साबुन से हाथ धोना जरूरी है।
केयर इंडिया की टीम भी कर रही है सहयोग
पोषण अभियान को जनआंदोलन के रूप में तब्दील करने के लिए अंर्तविभागीय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसमें आईसीडीएस, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज के साथ केयर इंडिया भी सहयोग कर रहा है। पोषण माह के दौरान आयोजित की जानेवाली गतिविधियों में केयर इंडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जिलास्तर से लेकर प्रखंडस्तर तक केयर इंडिया सहयोग प्रदान कर रहा है।
बताए जाएंगे पोषण के पांच सूत्र
आईसीडीएस की डीपीओ रश्मि वर्मा ने बताया कि पोषण माह के दौरान पोषण के पांच सूत्रों पर गांव घर में चर्चा की जाएगी। इनमें जन्म के पहले सुनहरे 1000 दिन, पौष्टिक आहार, एनीमिया प्रबंधन, डायरिया प्रबंधन, स्वच्छता एवं साफ-सफाई जैसे विषय शामिल रहेंगे। पहले 1000 दिन के तहत बच्चों के जन्म से लेकर दो साल तक की उम्र तक उनके शारीरिक व मानसिक विकास पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद पौष्टिक आहार के अंतर्गत शिशु जन्म के एक घटे के भीतर मां का पीला दूध बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने संबंधी बातों की जानकारी दी जानी है। स्तनपान के साथ ऊपरी आहार की जरूरत पर बल दिया जाएगा। एनीमिया प्रबंधन के तहत आयरन संबंधी दवाओं की जानकारी दी जानी है। डायरिया प्रबंधन के अंतर्गत शिशुओं को डायरिया से बचाव की जानकारी भी उनके माता-पिता को देना है। डायरिया से बचाव के लिए नियमित स्तनपान को बढ़ावा देने, ओआरएस का घोल और जिंक सीरप आदि के बारे में बताया जाना है। वहीं पांचवे सूत्र के तहत स्वच्छता एवं साफ-सफाई के तहत शौच जाने से पहले एवं बाद में तथा खाना खाने से पूर्व एवं बाद में साबुन से हाथ धोने और बीमारी से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal