मैथिलीपुत्र प्रदीप की पहली पुण्य तिथि पर विद्यापति सेवा संस्थान ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

मैथिलीपुत्र प्रदीप की पहली पुण्य तिथि पर विद्यापति सेवा संस्थान ने रविवार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संदेश में संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि मैथिली की लोकप्रिय भगवती वंदना ‘जगदंब अहीं अवलंब हमर, हे माई अहां बिनु आस ककर…’ के रचयिता मैथिलीपुत्र प्रदीप मिथिला के लोगों के हृदय में ही नहीं, जुबान में आज भी बसते हैं। उनकी मैथिली रचनाओं को लोग आज भी सुनकर भाव-विभोर हो उठते हैं। उन्होंने कहा कि ऋषि परंपरा के वे एक ऐसे कवि थे, जिन्होंने मैथिली साहित्य को गौरवशाली ऊंचाई प्रदान की।
मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं. कमलाकांत झा ने कहा कि वे आधुनिक मैथिली भाषा-साहित्य के संस्थापकों में से एक थे। वरिष्ठ कवि मणिकांत झा ने कहा कि वे एक ऐसे रस-सिद्ध कवि थे, जिन्होंने ”सादा जीवन-उच्च विचार” की जीवन पद्धति का अनुपालन करते हुए पत्रकारिता, साहित्य एवं समाज सेवा की छांव तले जीवन पर्यंत मैथिली साहित्य का भंडार भरते रहे। डॉ. बुचरू पासवान ने कहा कि मैथिलीपुत्र प्रदीप के रूप में अपनी लेखनी से साहित्यिक एवं सांस्कृतिक क्रांति का बिगुल फूंकने वाले रचनाकार के रूप में वे सदा अमर रहेंगे।
मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने कहा कि अपनी रचनाओं के बलबूते मिथिला के जन-जन के दिलों में अपनी खास जगह बनाने वाले रचनाकार के रूप में वे हमेशा जीवंत बने रहेंगे। मैथिलीपुत्र प्रदीप की जयंती पर उनके प्रति संवेदना व्यक्त करने वाले अन्य लोगों में महात्मा गांधी शिक्षक संस्थान के चेयरमैन हीरा कुमार झा, हरिश्चंद्र हरित, डॉ. महेंद्र नारायण राम, डॉ. गणेश कांत झा, डॉ. उदय कांत मिश्र, विनोद कुमार झा, प्रो विजयकांत झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढा भाई, आशीष चौधरी, चंदन सिंह, डाॅ सुषमा झा, नवल किशोर झा, दीपक कुमार झा, चौधरी फूल कुमार राय, दुर्गानंद झा आदि शामिल थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal