मिशन छह माह में छह करोड़ टीकाकरण अभियान: जिले में मेगा अभियान चलाकर 51 सत्र स्थल पर हुआ टीकाकरण
•20 जुलाई तक जिले के शहरी क्षेत्रों में सभी लाभार्थी को वैक्सीन देने का लक्ष्य निर्धारित: डीआईओ
•जिले को उपलब्ध हुई 15 हजार टीके की डोज
•जलजमाव वाले क्षेत्रों में टीका वाले नाव से किया जाएगा टीकाकरण
•सामूहिक प्रयास से अभियान को सफल किया जाएगा:

मधुबनी कोरोना महामारी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर अगले 20 जुलाई तक जिले के शहरी क्षेत्रों में शतप्रतिशत लोगों को कोरोना का टीका लगाने के लिये अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को रफ्तार देने के लिए सोमवार को जिले के 51 सत्र स्थलों पर मेगा ड्राइव चलाकर टीकाकरण किया गया| जिसके लिए जिले को 15 हजार डोज वैक्सीन उपलब्ध कराई गई। इस अभियान की सफलता के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी स्वास्थ्य कर्मियों के लिए पूरे नगर निकाय में टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एस.के. विश्वकर्मा ने बताया, जिला प्रशासन व अन्य सभी विभागों की बैठक में जिलाधिकारी अमित कुमार ने वैक्सीनेशन अभियान को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।इस दौरान लाभार्थियों को वैक्सीन की पहली डोज के साथ-साथ दूसरी डोज की अवधि पूर्ण करने वाले लाभुकों के लिये भी टीका दिया जा रहा है। वहीं लाभार्थी का ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन कर टीकाकरण किया जा रहा है। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में टीकाकरण किया जा चुका है तथा जहां जल जमाव है उस क्षेत्र में टीका वाली नौका से टीका किया जाएगा।
शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण प्राथमिकता: डीआईओ
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ एस.के. विश्वकर्मा ने कहा कि टीकाकरण का यह विशेष अभियान 20 जुलाई तक संचालित किया जायेगा। जिसमें जिले के 1.15 लाख व्यक्तियों के टीकाकरण का लक्ष्य है। अभी लगभग 60 हजार लोगों को टीकाकरण किया गया है| टीकाकरण महाअभियान के दौरान जिले में अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण संपन्न कराने को लेकर हर संभव प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि टीकाकरण को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच काफी उत्साह दिखा। उन्होंने कहा कि तमाम शंकाओं को दरकिनार करते हुए लोगों ने टीकाकरण के प्रति अपना उत्साह जाहिर किया।
शहरी इलाकों में लोगों के आवागमन से संक्रमण प्रसार की रहती है प्रबल संभावना: सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. सुनील कुमार झा ने बताया, कोरोना अभी पूरी तरह से टला नहीं है। घटते-बढ़ते संक्रमितों से सतर्क किया जा रहा है, जो लोग इसकी चपेट में नहीं आए हैं। वजह यह कि जो संक्रमित नहीं हुए हैं उनके संक्रमित होने की संभावना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। जो संक्रमित होकर स्वस्थ हुए हैं, उनके लिए दोबारा संक्रमित होने की संभावना बरकरार है। जरूरत है सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करने की। कहा ऐसे में शहर में तभी निकलें जब बेहद जरूरी काम हो या फिर नौकरी-पेशा हैं और दफ्तर जाना जरूरी है। बेवजह भीड़ का हिस्सा बनना, परिवार व समाज के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। भीड़ में इस बात का अंदाजा लगा पाना कि कौन कोरोना संक्रमित है और कौन स्वस्थ यह मुमकिन नहीं है। सावधानी सबसे सरल उपाय है। क्योंकि कोरोना संक्रमण अदृश्य है। बताया कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण ज़रूर कराएं। इसका उदाहरण कोरोना के दोनों स्ट्रेन में देखने को मिला। जिसके कारण शहरी इलाकों में मेगा वैक्सेनशन कैंपन के तहत वार्डवार सत्र स्थलों का संचालन किया जा रहा है।
जिले के सभी वैक्सीनेशन सेंटरों पर पूरे जोर-शोर के साथ चल रहा है वैक्सीनेशन अभियान:
डीआईओ ने बताया जिला पदाधिकारी अमित कुमार के निर्देश के आलोक में प्रखंड स्तर पर बैठक कर सभी जनप्रतिनिधि से सहयोग प्राप्त कर सभी वैक्सीनेशन सेंटरों पर पूरे जोर-शोर के साथ वैक्सीनेशन अभियान चल रहा है। संक्रमण की संख्या में कमी आई है। बावजूद इसके हमें अलर्ट रहना है, खुद को जागरूक रखना है और दूसरों को भी जागरूक करना है।
जिले में 32 लाख लोगों का होना है टीकाकरण :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एसके विश्वकर्मा ने बताया जिले में 32 लाख लोगों का टीकाकरण किया जाना है व जिसमें अब तक 7 लाख 17 हजार लोगों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। जिसमें 16,283 हेल्थ केयर वर्कर को प्रथम डोज,12,577 हेल्थ केयर वर्कर को सेकंड डोज, 11,378 फ्रंटलाइन वर्कर को प्रथम डोज, 6,065 फ्रंटलाइन वर्कर को सेकंड डोज, 1,76,962 लोग जो 60 वर्ष से ऊपर के हैं को प्रथम डोज,47,936 को सेकंड डोज तथा 45 से 59 वर्ष के 1,51,479 लोगों को प्रथम डोज,29,020 लोगों को सेकंड डोज दिया जा चुका है। वहीं 2,65,353 युवाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal