तारडीह प्रखंड के संविदा कार्यालय परिचारी की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त
दरभंगा जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि अंचल कार्यालय,तारडीह में कार्यरत देवेन्द्र झा, संविदा कार्यालय परिचारी से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति के साथ राशि के लेन-देन की बातचीत एवं राशि प्राप्त करने की घटना प्रदर्शित होने की बात सामने आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो के अवलोकन एवं संबंधित प्रतिवेदन की समीक्षा के उपरांत प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हुआ कि संबंधित संविदा कर्मी द्वारा अवैध राशि की मांग एवं राशि प्राप्त करने का आरोप स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अंचल अधिकारी,तारडीह द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रतिवेदन तथा उपलब्ध वीडियो सामग्री के परीक्षण के बाद यह पाया गया कि संबंधित कर्मी का आचरण सरकारी सेवा एवं संविदा व्यवस्था के मानकों के अनुरूप नहीं है।
यह मामला न केवल सरकारी कार्यों की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को प्रभावित करने वाला है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता एवं जनविश्वास को भी प्रतिकूल रूप से प्रभावित करता है।
उक्त प्रकरण को गंभीर प्रशासनिक एवं अनुशासनिक विषय मानते हुए संबंधित संविदा कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
उपरोक्त तथ्यों एवं मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए देवेन्द्र झा, संविदा कार्यालय परिचारी, अंचल कार्यालय, तारडीह का संविदा के आधार पर किया गया नियोजन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal