कोविड-19 टीकाकरण कार्य में तेज़ी लाने का डीएम ने दिया निर्देश
अधिक से अधिक टीकाकरण के लिए जिला प्रशासन सचेत
नयूनतम उपलब्धि वाले प्रखण्डों को दिया गया 01 सप्ताह का समय

दरभंगा. समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेदकर सभागार में जिलाधिकारी राजीव रौशन की अध्यक्षता में कोविड-19 से सुरक्षा व बचाव के लिए चलाये जा रहे टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत 15 से 18 आयुवर्ग, फ्रंट लाईन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर एवं 60 वर्ष से अधिक उम्र वालों के टीकाकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा प्रखण्डवार की गयी। समीक्षा के क्रम में न्यूनतम प्रगति वाले प्रखण्ड यथा – जाले, बेनीपुर, हनुमाननगर, केवटी एवंदे मनीगाछी सहित उन सभी प्रखण्डों से जिनकी उपलब्धि 60 प्रतिशत् से कम रही है, से जबाब-तलब किया गया। उनके दिये गये तर्क को जिलाधिकारी द्वारा नाकाफी मानते हुए बताया गया कि इन प्रखण्डों में पूरे मनोयोग से काम नही किया जा रहा है तथा लोगों में जागरूकता की कमी है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति कोविड का एक टीका ले चुका है, उसे दूसरे खुराक की टीका लेने में कोई संकोच नही हो सकता। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को अपने आशा, ममता एवं आशा फेसलिटेटर एवं टीका टाइगर एक्सप्रेस को लगाने का निर्देश दिया गया।
टीका लेने के लिए करें प्रेरित
उन्होंने कहा कि प्रखण्ड स्तरीय नियंत्रण कक्ष से ड्यू लिस्ट के लाभार्थियों को कॉल कर टीका लेने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही टीका दल पूर्वाह्न 09ः00 बजे अपने-अपने क्षेत्र में उपस्थित रहें, यदि लाभार्थी लाईन में है, तो टीका देने के उपरान्त ही शाम में अपना स्थान छोड़ें। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव का एक ही विकल्प है – टीकाकरण, यदि हम टीकाकृत नहीं होते, तो तीसरी लहर में भारी नुकसान होता। टीका के कारण ही तीसरी लहर नुकसानदेह नहीं रहा।
जनप्रतिनिधियों का ले सहयोग
उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से सहयोग प्राप्त करें। यदि कोई जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र को पूर्णतः टीकाकृत करा देते है, और इसका वे दावा करते है, तो जांच दल भेजकर जाँच करवा ली जाएगी और सही पाए जाने पर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हेल्थ केयर वर्कर एवं फ्रंट लाईन वर्कर जब तक प्रिकॉशनेरी डोज का टीका नहीं लेते हैं, तब तक उनके वेतन का भुगतान नहीं किया जाना है। यदि कोई निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी द्वारा इसका अनुपालन नहीं किया जा रहा है, तो फिर उनके वेतन पर रोक लगायी जाएगी।
अलग से अभियान चलाने का निर्देश
उन्होंने जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को प्रिकॉशनेरी डोज के लिए टीकाकरण हेतु डी.एम.सी.एच. एवं शहरी क्षेत्र के निजी अस्पतालों के लिए अलग से अभियान चलाने का निर्देश दिया साथ ही सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को अपने-अपने क्षेत्र के निजी अस्पतालों के लिए एक अभियान चलाने का निर्देश दिया गया जिसमें, एक सप्ताह के भीतर न्यूनतम प्रगति वाले प्रखण्डों को निर्देश देते हुए उन्हों 01 सप्ताह का समय दिया गया और कहा कि अगर 01 सप्ताह में वांछित प्रगति नहीं होती है, तो कार्रवाई करने के लिए हम बाध्य होगें। बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार मिश्र, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, वरीय उप समाहर्त्ता सत्यम सहाय, जिला कृषि पदाधिकारी राधा रमण, पी.डी. (आत्मा) पूर्णेन्दु नाथ झा, जिला प्रोग्राम पदाधिकरी (आई.सी.डी.एस.) डॉ. रश्मि वर्मा, डी.पी.एम. (मध्याह्न भोजन) संजय देव कन्हैया, डी.पी.एम. (हेल्थ) विशाल कुमार, यूनिसेफ के डॉ0 शशिकान्त सिंह, केयर इण्डिया के जिला समन्वयक डॉ0 श्रद्धा झा एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ऑनलाईन जुड़े हुए थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal