सांसद संजय झा से मिला संस्थान का प्रतिनिधिमंडल
समारोह में शामिल होने का दिया न्यौता

विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी नवंबर महीने की 03, 04 एवं 05 तारीख को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मिथिला विभूति पर्व के 53वें वार्षिक समारोह की तैयारियों को लेकर विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू के नेतृत्व में संस्थान के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को राज्यसभा सांसद संजय झा से अरड़िया संग्राम स्थित उनके पैतृक आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल में समारोह के मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा, मैथिली अभियानी दुर्गानंद झा एवं दिनेश झा शामिल थे। इस दौरान समारोह को ऐतिहासिक बनाने के विभिन्न पहलुओं पर गहन विमर्श किया गया।
जानकारी देते हुए संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि इस अभूतपूर्व आयोजन को यादगार बनाने के लिए उन्होंने सभी मिथिला वासी एवं प्रवासी मैथिल से इसकी सफलता के लिए पूर्ण मनोयोग से तैयार रहने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि मिथिला संस्कारों, लोक व्यवहारों एवं विचारों की भूमि सदियों से रहती आई है। यह ना सिर्फ अवतारों की भूमि रही है, बल्कि हमेशा से दर्शन व सृजन की भूमि के रूप में भी इसकी विश्व स्तर पर ख्याति रही है। इसलिए मिथिला के सांस्कृतिक महाकुंभ के रूप में प्रसिद्ध इस तीन दिवसीय समारोह के सफलता की जवाबदेही प्रत्येक मिथिला वासी की है और इसके लिए सभी को खुले मन से मातृभूमि व मातृभाषा के उत्कर्ष के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस मुलाकात में आयोजन से संबंधित विभिन्न विन्दुओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श के साथ ही बिहार के महामहिम राज्यपाल एवं मुख्य मंत्री नीतीश कुमार को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए न्यौता देने पर सहमति बनी। पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मश्री डॉ सीपी ठाकुर एवं राज्यसभा सांसद संजय झा के नेतृत्व में संस्थान की ओर से जल्दी ही राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री से मिलकर समारोह का आमंत्रण सौंपा जाएगा।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal