• राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन हेतु उद्घाटन

दरभंगा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय, दरभंगा परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा, जिलाधिकारी उपाध्यक्ष जिला विधिक सेवाप्राधिकार कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किये।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर विवादों का त्वरित, सुलभ एवं शुलभ समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से विशेष रूप से शमनीय (कम्पाउंडेबल) मामलों का निस्तारण कर न्यायालयों में लंबित वादों का बोझ कम किया जाता है तथा आम नागरिकों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराया जाता है।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में इसका लाभ उठाने की अपील किए।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा द्वारा कुल 35 बेंचों का गठन किया गया। इनमें व्यवहार न्यायालय, दरभंगा में 27, व्यवहार न्यायालय, बेनीपुर में 04 तथा व्यवहार न्यायालय, बिरौल में 04 बेंच शामिल हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मुकदमों की सुनवाई की गई। जिनमें मुकदमा पूर्व एवं न्यायालयों में लंबित वाद जैसे—शमनीय (कम्पाउंडेबल) आपराधिक वाद, एन.आई. एक्ट की धारा 138 से संबंधित मामले, बैंक ऋण वसूली वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, श्रम विवाद, विद्युत एवं पानी बिल संबंधी विवाद, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण वाद, सेवा संबंधी मामले (वेतन, भत्ता एवं सेवानिवृत्ति लाभ), जिला न्यायालय में लंबित राजस्व संबंधी मामले तथा अन्य दीवानी वाद जैसे किराया, सुखाधिकार, निषेधाज्ञा, संविदा के विनिर्दिष्ट पालन से संबंधित मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बीएसएनएल सहित विभिन्न संस्थानों से संबंधित मामलों का भी आपसी सुलह के आधार पर तत्काल निष्पादन होंगे।
बताया गया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए व्यवहार न्यायालय परिसर,पोलो मैदान एवं लहेरियासराय में लम्बित ट्रैफिक चालानों के निपटारे हेतु प्रेक्षागृह,दरभंगा में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इसकी सफलता के लिए कई काउंटर बनाए गए हैं।
• जिला परिवहन पदाधिकारी दरभंगा ने बताया कि अभी तक 444 ट्रैफिक चालान का निवारण कर दिया गया, अभी काउंटर पर कार्य हो रहे हैं।
आज जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, उपनिदेशक जनसंपर्क, नजारत उप समाहर्ता इसकी कि सफलता के लिए लगातार प्रयासत रहे।
उद्घाटन के पश्चात प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी काउंटरों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
पूरे आयोजन के दौरान न्यायिक अधिकारियों की देखरेख में तीनों स्थानों पर लोक अदालत का संचालन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अनेक न्यायिक पदाधिकारी,अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन एवं विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे लोक अदालत के माध्यम से अपने विवादों का आपसी सहमति से समाधान कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल, त्वरित एवं प्रभावी बनाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर प्रमोद कुमार पंकज, नीरज कुमार, संतोष कुमार पांडे, नवीन कुमार ठाकुर,मनोज कुमार श्रीवास्तव, आनंद कुमार सिंह,आदि देव,मो.जुनैद आलम,आरती कुमारी, भूपेंद्र सिंह, रंजन कुमार मिश्रा, उपेंद्र कुमार, सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी, चंद्रधर मल्लिक सहित बड़ी संख्या में न्यायिक पदाधिकारी,अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
वहीं जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal