•;वाहन जाँच के दौरान 108 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
• बहेड़ा थाना क्षेत्र में मद्यनिषेध टीम की कार्रवाई, कार भी जब्त
जिला पदाधिकारी, कौशल कुमार के निर्देशानुसार मद्यनिषेध थाना, बेनीपुर की टीम ने वाहन जाँच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए बहेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा डीहवार चौक (भरथा चौक के आगे) से एक कार में अवैध रूप से ले जा रही 108 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा शराब ढोने में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया।

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध, दरभंगा प्रदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा अन्य सुसंगत धाराओं के तहत अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी गहन जाँच की जा रही है। यदि जाँच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध मद्यनिषेध विभाग का अभियान लगातार जारी है।
• आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal