इओ की हत्या निंदनीय, कार्य सुरक्षाबल का हो गठन:डा सुनील

बिहार अभियन्त्रण सेवा संघ के पूर्व महासचिव एवम इण्डियन इन्जीनियर्स फेडरेशन (पूर्व) के पूर्व उपाध्यक्ष डा सुनील कुमार चौधरी ने डेहरी-डालमियानग नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (इओ) की अपराधियों द्वारा की गई कायरतापूर्ण निर्मम हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है ।उन्होने बताया कि इस तरह की घटना अत्यंत दुखद, निंदनीय , चिंताजनक एवं संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र पर हमला है।
डा चौधरी ने बताया कि जब एक जिम्मेदार सरकारी पदाधिकारी ही सड़क पर सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों के मन में भय का माहौल बनना स्वाभाविक है। इस प्रकार देर रात एक अधिकारी पर जानलेवा हमला होना कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
डा चौधरी ने सरकार एवं पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस हत्याकांड की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिले। घटना के पीछे यदि किसी संगठित साजिश या प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के संकेत मिलते हैं, तो उसकी भी निष्पक्ष जांच हो और किसी भी दोषी को बख्शा न जाए। उन्होने कहा कि अगर बिहार के विकास के रफ्तार को गति प्रदान करनी है तो सरकारी पदाधिकारियो की जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्य सुरक्षाबल का अविलंब गठन हो ताकि पदाधिकारीगण भयमुक्त माहौल मे कार्य करते हुए बिहार के विकास मे अहम भूमिका निभा सके ।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal