दरभंगा जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) कार्यालय में आयोजित एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी डॉ. अपर्णा पाठक ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नीतियों, संविधान की मूल भावना तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विचारों में आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर दरभंगा जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) के जिला अध्यक्ष डॉ. जमाल हसन ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई तथा अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. जमाल हसन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली विचारधारा की पार्टी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. अपर्णा पाठक अपने सामाजिक अनुभव, सेवा भावना और सक्रियता के बल पर संगठन को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होगा।
डॉ. जमाल हसन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में समर्पित एवं समाजहित के लिए कार्य करने वाले लोगों का सदैव स्वागत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. अपर्णा पाठक के पार्टी से जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा दरभंगा में कांग्रेस का जनाधार और अधिक सशक्त होगा।
इस अवसर पर प्रिंस परवेज़, मोहम्मद चाँद, बसंत कुमार झा, राघवेंद्र कुंवर, योगेश्वर मंडल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal