• जिले में आरओबी निर्माण कार्यों की प्रगति की डीएम ने की विस्तृत समीक्षा..
• निर्माण कार्यों में तेजी लाने, सर्विस रोड को मोटरेबल रखने, अतिक्रमण हटाने एवं सभी परियोजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी दरभंगा की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में जिले में निर्माणाधीन विभिन्न रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर संबंधित कार्यकारी एजेंसियों, अभियंताओं एवं संवेदकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी प्रमुख परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, लंबित कार्यों, भू-अर्जन, अतिक्रमण, रेलवे समन्वय एवं निर्माण कार्यों की गति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान एलसी-18 पंडासराय गुमटी आरओबी के संबंध में बताया गया कि रेलवे भाग का स्ट्रक्चरल डिजाइन एवं ड्राइंग स्वीकृत हो चुका है। अब रेलवे भाग का निर्माण प्रारंभ करने के लिए एलसी डायवर्सन का कार्य किया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि रेलवे भाग का कार्य प्रारंभ करने से पूर्व एलसी डायवर्सन के लिए एप्रोच रोड एवं गेट लॉस्ट का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए।
साथ ही निर्माणाधीन सर्विस रोड को हर स्थिति में मोटरेबल बनाए रखा जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित एजेंसी को सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में एलसी-21 चट्टी चौक आरओबी की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अंचलाधिकारी एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भू-अर्जन, अतिक्रमण एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित संवेदक को कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि सुपर स्ट्रक्चर एवं नाला निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही रेलवे भाग के निर्माण से पूर्व टेस्ट पाइल के लिए आवश्यक भूमि चिन्हित कर टेस्ट पाइल का कार्य अविलंब प्रारंभ कराया जाए।
कागवा गुमटी आरओबी की समीक्षा के दौरान बताया गया कि भू-अर्जन एवं अन्य आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त की जा चुकी हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वाया डक्ट का निर्माण कार्य तेज गति से कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही रेलवे अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर शेष आवश्यक अनुमोदन भी शीघ्र प्राप्त किए जाएं।
दिल्ली मोड़ आरओबी परियोजना की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने एलसी डायवर्सन हेतु एप्रोच सड़क का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराने तथा नाला निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुराने रेलवे पुल को तोड़ने के कार्य में अतिरिक्त मानव बल लगाने तथा आरई पैनलों को कार्यस्थल पर एकत्रित कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का भी निर्देश दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दोनार गुमटी से आगे की सड़क तथा पंडासराय गुमटी के समीप सड़क को शीघ्र मोटरेबल बनाने का निर्देश संबंधित संवेदक को दिया, ताकि आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने सभी कार्यकारी एजेंसियों एवं संवेदकों को निर्देशित किया कि कार्यस्थलों पर टीमों एवं मानव संसाधन की संख्या बढ़ाई जाए तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से चट्टी चौक स्थित एसबीआई बैंक के समीप नाला निर्माण कार्य को एक सप्ताह में पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि जहां-जहां अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है, वहां तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार गौरव, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, संबंधित विभागों के अभियंतागण एवं संवेदक उपस्थित रहे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal