सफाई कर्मचारियों की एकजुटता और संघर्ष की जीत, सरकार को झुकना पड़ा : डॉ. जमाल हसन

दरभंगा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल एवं बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा के बीच हुई सफल वार्ता के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त होने पर सफाई कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इसकी जानकारी मिलते ही दरभंगा अर्बन जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. जमाल हसन नगर निगम परिसर स्थित धरनास्थल पर पहुंचे और सफाई कर्मचारियों के बीच उनकी जीत की खुशी साझा की।
इस अवसर पर डॉ. जमाल हसन ने सफाई कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों के बीच लड्डू वितरित कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा, “कौन कहता है कि आसमान में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो।” उन्होंने कहा कि यह जीत केवल सफाई कर्मचारियों की मांगों की स्वीकृति भर नहीं, बल्कि उनकी एकजुटता, संघर्ष, जज़्बे, जोश और लोकतांत्रिक आंदोलन की जीत है।
डॉ. जमाल हसन ने कहा कि जब कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करते हैं, तो सरकार को भी उनकी आवाज़ सुननी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सभी प्रमुख मांगें पूरी तरह न्यायोचित थीं और इन्हें काफी पहले ही स्वीकार कर लिया जाना चाहिए था। सरकार को अंततः कर्मचारियों के संघर्ष और जनदबाव के आगे झुकना पड़ा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आंदोलन की शुरुआत से ही सफाई कर्मचारियों के संघर्ष का समर्थन किया। हड़ताल के दौरान कांग्रेस लगातार उनके साथ खड़ी रही और उनकी आवाज़ को सरकार तक पहुँचाने का कार्य किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार वार्ता में हुए सभी निर्णयों को शीघ्र लागू करेगी, ताकि भविष्य में कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए फिर से आंदोलन का रास्ता न अपनाना पड़े।
अंत में डॉ. जमाल हसन ने सभी सफाई कर्मचारियों को उनकी ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह संघर्ष आने वाले समय में श्रमिक अधिकारों की लड़ाई लड़ने वालों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता एहसान सिद्दीकी, प्रिंस परवेज़, मुकेश कुमार सहित हजारों की संख्या में सफाई कर्मचारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक जीत का उत्सव मनाया तथा सफाई कर्मचारियों की एकता और संघर्ष को सलाम किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal