Breaking News

जीविका दीदियों को मिला 55 करोड़ रुपये का ऋण, स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

जीविका दीदियों को मिला 55 करोड़ रुपये का ऋण, स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

 

दरभंगा। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शनिवार को लहेरियासराय स्थित ऑडिटोरियम में मेगा क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा दरभंगा जिले के विभिन्न जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से कुल 55 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केवटी विधायक मुरारी मोहन झा ने जीविका दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार को सबसे अधिक भरोसा जीविका दीदियों पर है और उन्होंने हर कसौटी पर स्वयं को साबित किया है। उन्होंने सभी जीविका दीदियों से स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़कर निरंतर प्रगति करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) जीविका डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि जीविका लगातार नए-नए आयाम स्थापित कर रही है, जिसमें बैंकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पूंजी की आसान उपलब्धता से जीविका दीदियों को स्वरोजगार शुरू करने तथा अपने व्यवसाय का विस्तार करने में काफी सुविधा मिल रही है। अब उन्हें अधिक ब्याज दर पर महाजनों से ऋण लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती। जीविका के माध्यम से महिलाओं को कम ब्याज दर पर सुलभ ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि बैंक और जीविका के बीच बेहतर समन्वय से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि बैंक ऋण की सहज उपलब्धता ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक विकास और सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम में बैंक एवं जीविका के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित थीं। ऋण वितरण से लाभान्वित जीविका दीदियों ने इसे अपने व्यवसाय के विस्तार और परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Check Also

• श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लेने कुशेश्वरस्थान पहुंचे डीएम, एसएसपी एवं ग्रामीण एसपी 

🔊 Listen to this • श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लेने कुशेश्वरस्थान पहुंचे डीएम, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *