लॉकडाउन में बढ़ते मानसिक तनाव से हो सकती परेशानी
हालात का मज़बूती से सामना कर, कोरोना पर पा सकते विजय
नजदीकी सरकारी अस्पतालों में ले सकते चिकित्सक से सलाह
दरभंगा. कोरोना वायरस के चलते लोग अचानक से सारे काम धंधे छोड़कर घरों में कैद हो गये हैं। जिसका असर अब लोगों की मानसिक स्थिति पर पड़ने लगा है। यही कारण है कि दुनियाभर से मानसिक तनाव की बात सामने आ रहीं है। लेकिन इस परिस्थिति में परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। आत्मबल व विश्वास से हम कोरोना पर विजय प्राप्त कर सकते है।
मनोरोग विशेषज्ञ डॉ सुनील कुमार ने बताया कि संक्रमण के इस दौर में आत्म मजबूती बहुत ही आवश्यक है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करना चाहिए। परामर्श के अनुसार उचित व्यवहार व दवा का सेवन करें। इसका निश्चित ही सकारात्मक परिणाम निकलेगा। चिकित्सक के परामर्श के साथ सही खान-पान से कोरोना पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। इसमें परिवार के अन्य सदस्यों को भी अपनी भागीदारी निभानी होगी। संयुक्त रुप से हम कोरोना के इस संकट से निबट सकते हैं।
अस्पताल जाने के दौरान रहे सावधान
डॉ कुमार का कहना है कि चिकित्सकीय सुविधा के लिए मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान सावधानी बरतनी चाहिए। संक्रमण के मद्देनजर बहुत जरूरी होने पर ही अस्पताल जाने का प्रयास करें। निजी वाहन से अस्पताल जाना बेहतर होगा। इससे संक्रमण का खतरा कम हो सकेगा अन्य वाहनों पर जाने पर अन्य लोगों से बातचीत नहीं करें। 6 फीट की शारीरिक दूरी बनाए रखें। अस्पताल जाने पर भी एहतियातन कदम उठाते हुए अस्पताल के अन्य चीजों को अनावश्यक रूप से ना छुएं। हमेशा मास्क पहने हुए रहे। घर आने पर हाथ को अच्छी तरह से साबुन से धो ले एवं कपड़े को भी बदल लेना चाहिए।
तनाव से बचने का तरीका
मानसिक रूप से मज़बूत बनें: सबकुछ फिर से ठीक होगा और पूरी दुनिया इस कोशिश में जुटी हुई है। बस धैर्य के साथ इंतज़ार करें। ऐसा करके आप अपने आप को मानसिक मजबूती दे सकते हैं।
रिश्तों को मज़बूत करें: जब भी आपको अकेलापन लगे या फिर ये लगे कि आपके रिश्तें में दूरी आ रही है तो लोगों से बात करें। छोटी-छोटी बातों का बुरा ना मानें। एक-दूसरे से बातें करें और सदस्यों का ख़्याल रखें।
प्रकृति के नजदीक जाएं: घर से बाहर तो नहीं निकल सकते लेकिन, छत पर, खिड़की पर, बालकनी या घर के बगीचे में आकर खड़े हों। सूरज की रोशनी से भी हमें अच्छा महसूस होता है।
खुद के लिए वक्त निकालें: भले ही आप परिवार के साथ घर पर रह रहें फिर भी अपने लिए कुछ समय ज़रूर निकालें। आप जो सोच रहे हैं उस पर विचार करें। आपको लॉकडाउन में इतना सारा खाली समय मिला है तो इसका इस्तेमाल करें। इस समय का इस्तेमाल अपनी हॉबी पूरी करने में करें। वो मनपसंद काम जो समय न मिलने के कारण आप ना कर पाए हों। इससे आपको बेहद ख़ुशी मिलेगी जैसे कोई अधूरी इच्छा पूरी हो गई है।
पूरी नींद सोए: इन दिनों आधी नींद लेना आपको डिप्रेशन में डाल सकता है। इसलिए जहां तक हो सके रात-रातभर न जागें बल्कि पूरी नींद लें। ऐसा करके आप अच्छा महसूस करेंगे।
अकेले न रहें: अगर लॉकडाउन के चलते आप अकेले कहीं फंस गये है तो किताबें पढ़ें और म्यूजिक सुनें ऐसा करके आपको अकेलापन महसूस नहीं होगा। इसके साथ ही योग/व्यायाम करें, फोन के माध्यम से अपने प्रियजनों के संपर्क में रहें और जितना संभव हो सके अपने आपको व्यस्त रखें।
भावनाओं को ज़ाहिर करें: अगर आपके अंदर उदासी है तो अपने अंदर छुपाएं नहीं बल्कि परिजनों या दोस्तों के साथ शेयर करें। जिस बात का बुरा लगता है, उसे पहचानें और ज़ाहिर करें।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal