जिलाधिकारी ने किया तारडीह के कैथवार का भ्रमण
26 को किया जाएगा बाँध पर सड़क निर्माण कार्य का ऑनलाइन शिलान्यास
माननीय मुख्यमंत्री करेंगे शिलान्यास
दरभंगा,
25 अगस्त, 2020 :- जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा तारडीह अंचल के कैथवार ग्राम के समीप कमला-बलान पश्चिमी तटबंध के टूटे भाग की मरम्मति कार्य का मुआयना किया गया तथा 26 अगस्त को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा किये जाने वाले ऑनलाइन शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारी का भी जायजा लिया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में कमला-बलान पश्चिमी तटबंध में कैथवार, ककोढ़ा सहित 08 स्थलों पर तटबंध टूट गया था, जिसकी मरम्मति बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल झंझारपुर 2 के द्वारा कराई गई है। कैथवार के समीप 210 मीटर में तथा ककोढ़ा के समीप 400 मीटर में बाँध मरम्मति का कार्य कराया गया है। इस बार की मरम्मति में लोहे की चादर (सीट पाइल) लगाया गया है, जिससे बाँध की मजबूती बढ़ गई है। अब इस बाँध का ऊँचीकरण, सुदृढ़ीकरण कर पिपरा घाट से ठेंगहा तक सड़क निर्माण कराया जाएगा।
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 325 करोड़ रूपये की लागत से पिपरा घाट से ठेंगहा तक तटबंध का ऊँचीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं पक्कीकरण कार्य का ऑनलाइन शिलान्यास 26 अगस्त 2020 के 04ः30 बजे अपराह्न में किया जाएगा। इस सड़क के बन जाने से पिपरा घाट से ठेंगहा के बीच के लोगों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। इसके साथ ही माननीय मुख्यमंत्री द्वारा इस बाँध मरम्मति एवं तटबन्ध पर सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों से ऑनलाइन संवाद भी किया जाएगा।
भ्रमण के दौरान सहायक समाहर्त्ता सुश्री प्रियंका रानी, अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपुर श्री प्रदीप कुमार झा, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल, झंझारपुर-2, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी श्री राजीव कुमार झा, तारडीह के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित थे।
उप निदेशक, जन सम्पर्क
दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal