आयुक्त कार्यालय, दरभंगा
(उप निदेशक जन सम्पर्क कार्यालय)
चुनाव की तैयारी को लेकर आयुक्त ने की बैठक
दरभंगा, 04 सितम्बर, 2020 :- मयंक वरबड़े, आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ से आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2020 की तैयारी को लेकर दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिलों के साथ ऑनलाईन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक
में जिला निर्वाचन पदाधिकारी, दरभंगा डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि उनके जिले में 27 लाख 65 हजार 303 मतदाता हैं। दरभंगा का मतदाता लिंगानुपात 888 था जो 890 हो गया है, जबकि जनगणना में लिंगानुपात 918 है।
उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता हेतु जिले में न्यूनतम मतदान प्रतिशत वाले 500 मतदान केन्द्रों को चिन्ह्ति किया गया है। दरभंगा का ईपिक अनुपात .53 है, जो राज्य के औसत से अधिक है। यहाँ के 32 हजार प्रवासी मजदूरों का निर्वाचक सूची में पंजीकरण कराया गया है। एन.वी.एस.पी. (पोर्टल) पर प्रपत्र-6, 7 एवं 8 समय सीमा के अन्तर्गत है। स्वीप के अंतर्गत सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाता जागरूकता प्रारंभ किया जा चुका है। आदर्श आचार संहिता लगने के उपरांत मतदाता जागरूकता हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में घटित घटनाओं के संबंध में कार्रवाई की जा चुकी है। 19 मामलें में चार्जसीट दर्ज कराया जा चुका है। जिले में कुल 2755 मतदान केन्द्र थे, नए निर्देश के आलोक में 1261 अतिरिक्त सहायक मतदान केन्द्र का प्रस्ताव भेजा गया है। 40 चलन्त मतदान केन्द्र हैं, जो मूल मतदान केन्द्र के परिसर में ही बनाये गए हैं।
चुनाव कार्य हेतु सेक्टर पदाधिकारियों/कर्मियों का प्रशिक्षण प्रारंभ कर दिया गया है। ई.वी.एम. का एफ.एल.सी. हो गया है। कोविड 19 के मद्देनजर आई.टी.आई., रामनगर को अतिरिक्त मतगणना केन्द्र बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। कोविड-19 के मद्देनजर जारी मार्गदर्शन के अनुसार चुनाव सम्पन्न कराया जाएगा, इसके लिए वांछित कार्रवाई की जा रही है। चुनाव कार्य हेतु दरभंगा जिले में 25 हजार कर्मियों की आवश्यकता पड़ेगी, 24 हजार कर्मी वर्त्तमान में उपलब्ध हैं।
बैठक में चुनाव कार्य हेतु गाड़ियों का आकलन कर लेने एवं आवश्यकतानुसार अन्य जिलों से गाड़ियों की माँग का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया। बैठक में तीनों जिलाधिकारियों को पारा मेलेट्री फोर्स के ठहरने के लिए भवन पूर्व में ही चिन्ह्ति कर लेने तथा उस भवन में शौचालय, पेयजल, जेनरेटर इत्यादि की व्यवस्था पूर्व में ही कर लेने का निर्देश दिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक, मिथिला प्रक्षेत्र, दरभंगा श्री अजिताभ कुमार ने कहा कि अतिसंवेदनशील, संवेदनशील एवं सामान्य मतदान केन्द्रों का आकलन कर तद्नुसार फोर्स की माँग करने हेतु तैयारी शुरू कर दी जाए। उन्होंने कहा कि 107 के तहत बॉन्ड भरवाने, सी.सी.ए. के तहत क्षेत्र बदर करने की कार्रवाई हेतु पूर्व से तैयारी कर ली जाए।
उन्होंने कहा कि सभी वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक अपने अपने जिले के भलनरेबुल टोलें को चिन्ह्ति करवा लें तथा जितने भी वारंट लंबित है, उनमें गिरफ्तारी करवा लें। तीनों जिलों में शस्त्र सत्यापन की कार्रवाई प्रारंभ कर दी जाए।
मधुबनी एवं समस्तीपुर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अपने-अपने जिले में की गई तैयारी से आयुक्त महोदय को अवगत कराया।
उप निदेशक, जन सम्पर्क
दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal