स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर अपने सामने खिलाएंगे दवा
– जिले में चलेगा सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम का अभियान
– राज्य
स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक ने पत्र जारी कर दिए निर्देश
– दो साल से कम उम्र के बच्चे एवं गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रोग से ग्रसित व्यक्ति को नहीं लेनी है दवा
दरभंगा, 05 सितम्बर
जन-जन के स्वास्थ्य को लेकर संकल्पित सरकार फाइलेरिया उन्मूलन पर लगी है। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसे लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने जिला सिविल सर्जन को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। पत्र में कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन पर जोर देने के साथ ही हर हाल में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान किए जाने का निर्देश दिया गया है। फाइलेरिया के प्रति जागरूक करने का भी काम किया जाएगा और इस मुहिम में केयर इंडिया से सहयोग लिया जाएगा।
टीम के सामने खानी होंगी दवाएं
जिला मलेरिया पदाधिकारी जयप्रकाश महतो ने बताया कि फाइलेरिया मच्छर के काटने से होने वाला संक्रामक रोग है। इससे बचाव के लिए सरकार द्वारा लोगों को मुफ्त में दवा दी जाती है। कार्यक्रम की सफलता के लिए आशा, आंगनबाड़ी एवं प्रशिक्षित वॉलेंटियर को लगाया जाएगा। वह घर-घर जाकर दो वर्ष के ऊपर के सभी लोगों को दवा की खुराक देंगे। दो से पांच वर्ष के बच्चों को डीईसी एवं एल्बेडाजोल की एक-एक गोली, छह से चौदह साल के किशोर को डीईसी की दो तथा एल्बेडाजोल की एक गोली तथा 15 साल के ऊपर के लोगों को डीईसी की तीन गोली एवं एल्बेंडाजोल की एक गोली की खुराक दी जाएगी। दवा टीम के सामने ही खिलाई जाएगी। डीईसी की गोली खाली पेट नहीं खाना है एवं एल्बेंडाजोल की गोली को चबाकर खाना है। दो साल से कम उम्र के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को दवा नहीं खिलाई जाएगी। इसके अलावा जो गंभीर बिमारी से पीड़ित हैं उन्हें भी दवा नहीं दी जाएगी।
ऐसा है तो सावधान हो जाएं :
मलेरिया पदाधिकारी ने बताया फाइलेरिया में पैरों, हाथों में सूजन आ जाता है। जिसे हाथी पैर कहा जाता है। इससे मुक्ति के लिए सरकार द्वारा मुफ्त में दवा दी जा रही है। उन्होंने फाइलेरिया से बचाव के लिए सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने एवं घर के आसपास साफ-सफाई रखने की जरुरत है। उन्होंने बताया कि घरों के इर्द-गिर्द गंदगी रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है, जिससे कई प्रकार की संक्रामक बिमारी फैलती है।
केयर इंडिया के कर्मी करेंगे सहयोग
राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक ने जारी पत्र में यह भी निर्देश दिया है कि कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए केयर इंडिया के कर्मियों से भी सहयोग लिया जाए। इससे कार्यक्रम का ससमय और सफल क्रियान्वयन हो सकेगा और कार्य की गति में किसी प्रकार का परेशानियां उत्पन्न नहीं होने पाएगी।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal