हर खाँसी कोविड नहीं है, दो हफ्तों से ज्यादा खाँसी टीबी के कारण हो सकती है।
– निःशुल्क जाँच व इलाज़ की सुविधा सभी नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर है उपलब्ध
– केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय पोस्टर जारी कर लोगों को कर रहा है जागरूक
– टीवी मरीज टोल फ्री नंबर 1800116666 पर ले सकते हैं परामर्श

हर खांसी कोरोना नहीं होती। लगातार दो सप्ताह या उससे ज्यादा से खांसी हो रही हो, तो सरकारी अस्पताल में जाकर जांच कराएं। इस तरह का संदेश द्वारा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय पोस्टर जारी कर लोगों को जागरूक कर रहा है। जिसमें बताया गया है कि टीबी भी कोविड-19 की तरह संक्रामक बीमारी है। दोनों बीमारियाँ के लक्षण भी करीब-करीब एक जैसे ही मिलते-जुलते होते हैं। जिसके कारण बीमारी का सही पता लगाने में भी परेशानी होती है। ऐसे में पूर्व से टीबी जैसी बीमारी से पीड़ित मरीजों के लिए यह दौर विशेष सतर्कता बरतने का है क्योंकि इन मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बहुत कमजोर होती है। जिसके कारण उनमें कोरोना संक्रमण का खतरा अन्य मरीजों से कई गुना अधिक है। सबसे जरूरी है कि मरीज की दवा का क्रम न टूटे। कोरोना में लगातार तेज बुखार और खांसी आती है। टीबी का लक्षण थकावट, आम बुखार, वजन गिरना, भूख न लगना, रात में पसीना आना आदि है।
लगातार खांसी हो रहा हो तो करायें जाँच : –
टीबी के नोडल पदाधिकारी डॉ आरके सिंह ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को लगातार 2 सप्ताह या उससे ज्यादा से खांसी हो रही हो तो टीबी का लक्षण हो सकते हैं ऐसे मरीजों को बिना देर किए अपनी जाँच करवानी चाहिए। जिले के सभी अस्पतालों में मुफ्त जाँच एवं दवाई का सुविधा उपलब्ध है। साथ ही ऐसे मरीजों को उचित पोषण आहार के लिए सहायता राशि भी दी जाती है।
– बचाव के उपाय : –
1- 2 हफ्ते से ज्यादा खांसी होने पर डॉक्टर को दिखाएं। दवा का पूरा कोर्स लें। डॉक्टर से बिना पूछे दवा बंद न करें।
-मास्क पहनें या हर बार खांसने या छींकने से पहले मुंह को पेपर नैपकिन से कवर करें।
– मरीज किसी एक प्लास्टिक बैग में थूकें और उसमें फिनाइल डालकर अच्छी तरह बंद कर डस्टबिन में डाल दें। यहां-वहां नहीं थूकें।
– मरीज हवादार और अच्छी रोशनी वाले कमरे में रहें । साथ ही एसी से परहेज करें ।
– पौष्टिक खाना खाएं , एक्सरसाइज व योग करें ।
– बीड़ी, सिगरेट, हुक्का, तंबाकू, शराब आदि से परहेज करें।
– भीड़-भाड़ वाली और गंदी जगहों पर जाने से बचें।
ये हैं टीबी के लक्षण:—-
– भूख न लगना, कम लगना तथा वजन अचानक कम हो जाना।
– बेचैनी एवं सुस्ती रहना, सीने में दर्द का एहसास होना, थकावट रहना व रात में पसीना आना।
– हलका बुखार रहना, हरारत रहना।
– खांसी होते रहना, खांसी में बलगम आना तथा बलगम में खून आना। कभी-कभी जोर से अचानक खांसी में खून आ जाना।
– गर्दन की लिम्फ ग्रंथियों में सूजन आ जाना तथा वहीं फोड़ा होना।
– गहरी सांस लेने में सीने में दर्द होना, कमर की हड्डी पर सूजन, घुटने में दर्द, घुटने मोड़ने में परेशानी आदि।
– टीबी न्यूमोनिया के लक्षण में तेज बुखार, खांसी व छाती में दर्द होता है।
टीवी मरीज टोल फ्री नंबर पर ले सकते हैं परामर्श:
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार ने टीवी मरीजों के सहायता के लिए निश्चित संपर्क के तहत 1800116666 नंबर जारी किया है जहां संबंधित मरीज संपर्क कर परामर्श प्राप्त कर सकते हैं.
– साथ ही इन मानकों का पालन कर कोविड-19 से रहें दूर : –
– 6 फीट की शारीरिक दूरी हमेशा पालन करें।
– साफ – सफाई का विशेष ख्याल रखें।
– लगातार साबुन से हाथ धोएँ। पानी और साबुन उपलब्ध नहीं होने पर सैनिटाइजर का उपयोग करें।
– घर से निकलते समय मास्क लगाएँ।
– ऑख, नाक, मुँह को अनावश्यक नहीं छुएं। छूने से पूर्व हाथ को धोएँ या सैनिटाइज करें।
– अपरिचित व्यक्ति से बातचीत के दौरान सतर्कता का विशेष ख्याल रखें।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal