*गुलनाज के हत्यारे को मौत की सजा से कम स्वीकार्य नहीं*
दरभंगा की बेटियों और हमदर्द भाइयों ने गुलनाज को न्याय दिलाने के लिए किया विरोध प्रदर्शन
दरभंगा:

30 अक्टूबर, 2020 को वैशाली जिला के देसरी थाने के चांदपुरा ओपी के रसलपुर हबीब गांव की गुलनाज के साथ की गई दरिंदगी और जिंदा जलाने एवं देश की अन्य बेटियों की इज्ज़त आबरू से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ दरभंगा शहर की बहादुर बेटियों और हमदर्द भाईयों अपनी आवाज़ उठाई और समाज के मुर्दे दिलों को जगाने की कोशिश की। बेटियों के साथ वहशी दरिंदों की दरिंदगी हमारे चारों ओर कैंसर की तरह फैल रही है। आज दरभंगा के लालबाग में वीर अब्दुल हमीद चौक पर लोगों ने पुलिस प्रशासन की विफलता, लापरवाही और बीमार समाज के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और इस बीमार दिमाग वाले लोगों के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने और इसे खत्म करने को लेकर लम्बी लड़ाई लड़ने की प्रतिज्ञा ली। विरोध प्रदर्शन के दौरान, दरभंगा की बेटियों ने बार-बार मासूम गुलनाज के हत्यारे को फांसी देने का नारा बुलंद किया और कहा कि हम गुलनाज़ के हत्यारे के लिए मौत की सजा से कम कुछ भी स्वीकार नहीं करेंगे। विरोध प्रदर्शन की सरपरस्ती ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवां के अध्यक्ष नज़र आलम ने किया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व दानियाल अकरम, अमानुल्लाह अमन, सबा प्रवीन और नाज़िया हसन ने किया। विरोध सभा को संबोधित करते हुए दरभंगा की बेटियों ने कहा कि आज पूरे देश की बेटियां असुरक्षित महसूस करती हैं।सरकारें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा जरूर देती है लेकिन बेटियों की सुरक्षा के नाम पर सरकार और जिला प्रशासन सभी मोर्चों पर विफल है। विरोध सभा को संबोधित करते हुए, दरभंगा की बहादुर बेटियों ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार से मांग किया के सरकार बेटियों को सुरक्षा प्रदान करे और वैशाली की मासूम गुलनाज के हत्यारे को फांसी के फंदे तक पहुंचाने में परिवार को कानूनी सहायता प्रदान करे। उन्होंने कहा कि कभी मासूम बेटियों को जिंदा जला दिया जाता है तो कभी एसिड, कभी केरोसिन छिड़क कर मार दिया जाता है। सरकार ऐसे जानवरों के खिलाफ सख्त कानून क्यों नहीं बनाती। आखिर हमारी बेटियां सुरक्षित कैसे रहेंगी। सबा प्रवीन, नाजिया हसन, शाइका रफ़ीक और शाज़िया ने संयुक्त रूप से बिहार सरकार और केंद्र सरकार से गुलनाज के परिवार को तत्काल सुरक्षा प्रदान करने की मांग की और साथ ही एक करोड़ रुपया भी मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने सरकार और वैशाली जिला प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने और उसे फांसी के फंदे तक पहुंचाने की मांग की। यदि ऐसा नहीं होता है तो विरोध और तेज किया जाएगा। हीरा निजामी, जकी अहमद, आफताब आलम, हुसैन अहमद, रियाज अंसारी, मुजम्मिल, आदिल, फरहान, अमानुल्लाह, दानियाल अकरम, अब्दुल मलिक, लईक मंजर वाजदी मोहम्मद प्रवेज और कई अन्य लोगों ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया और गुलनाज को न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रखने का वादा किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal