कोरोना की रोकथाम को ले डीएम व एसएसपी ने की ऑनलाइन मीटिंग
ज़िला में कोविड-19 को लेकर फिर चलेगा मास्क अभियान
मास्क नहीं पहनने वालों पर लगेगा जुर्माना- डीएम

दरभंगा. 25 नवम्बर. समाहरणालय स्थित अम्बेडकर सभागार में मुख्य सचिव बिहार द्वारा दिए गए निर्देश का सरजमीं पर क्रियान्वयन कराने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम व वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम की अध्यक्षता में जिला के प्रशासनिक एवं पुलिस महकमा के सभी आलाधिकारियों के साथ-साथ प्रखंड अंचल एवं थाना स्तर के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की गयी। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 23 नवंबर को मुख्य सचिव, बिहार द्वारा कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम को लेकर निर्देश दिए गए हैं। जिसका अनुपालन सरजमीं पर पूरी शक्ति से कराया जाना है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े शहरों में कोविड-19 का द्वितीय लहर प्रवेश कर चुका है और यह छोटे शहरों में भी आएगा। पूर्व के अनुभव के अनुसार कोविड-19 का प्रथम लहर पहले बड़े शहरों में ही आया था। इसके बाद धीरे- धीरे छोटे शहरों में भी आ गया। इसे लेकर सावधानी बरतनी होगी, साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल के अनुपालन के लिए सख्त रुख अख्तियार करना होगा। ताकि संक्रमण की रोकथाम की जा सके।
लोग बरत रहे लापरवाही
जिलाधिकारी ने कहा कि धीरे-धीरे लोग अब मास्क पहनना और शारीरिक दूरी का पालन करना भूल गए हैं। इसे पुनः कायम करने की आवश्यकता है। मास्क चेकिंग अभियान चलाने के लिए पुनः प्रखंड वार टीम का गठन किया गया है। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक इसका नेतृत्व करेंगे। दुकानों एवं वाहनों में पुनः प्रतिदिन मास्क की चेकिंग कराई जाए। इसके पहले ध्वनि विस्तारक यंत्र से प्रचार कर उन्हें अवगत करा दिया जाए कि किसी भी दुकान या प्रतिष्ठान में बिना मास्क के यदि कोई व्यक्ति पाया जाता है, तो संबंधित दुकान या प्रतिष्ठान को 3 दिनों के लिए बंद करा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी वाहन में बिना मास्क का कोई चालक या सवार पाया जाता है तो एम भी एक्ट के अंतर्गत वाहन ज़ब्ती की जाएगी एवं 2000 रुपये जुर्माना किया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा, उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सिटी एस पी आशोक कुमार प्रसाद, अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
कोरोना से बचाव ज़रूरी
हमेशा मास्क का इस्तेमाल करें
अनावश्यक रुप से बाहर जाने से करें परहेज
बाहर भीड़ भाड़ से बचें
सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन ज़रूरी
घर वापस आने पर हाथ को साबुन या सैनिटाइजर से साफ करना आवश्यक
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal