*दरभंगा एम्स को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे : गोपाल जी ठाकुर*

सांसद ठाकुर ने कहा कि दरभंगा एम्स हेतु प्रस्तावित स्थल का मंत्री जी, अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण करेंगे और दरभंगा एम्स को लेकर समीक्षा बैठक भी करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार के वरीय अधिकारी, प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी, डीएमसीएच के प्राचार्य सहित अन्य विभागीय लोग मौजूद रहेंगे।
श्री ठाकुर ने कहा मिथिला के केंद्र दरभंगा में बनने वाला एम्स समस्त मिथिलावासियों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा में एम्स निर्माण हो जाने से दरभंगा सहित उत्तर बिहार के 22 जिले, पड़ोसी देश नेपाल के 14 जिले एवं पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिले के लोग लाभान्वित होंगे।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की नेतृत्व वाली सरकार ने 2015-16 के केंद्रीय बजट बिहार में दूसरे एम्स के निर्माण की घोषणा की थी तथा दूसरे एम्स के निर्माण की स्वीकृति मिथिला के केंद्र दरभंगा में दी। उन्होंने कहा कि अपने विधायक काल से ही दरभंगा में एम्स के निर्माण हेतु प्रयासरत रहा हूं और पहली बार लोकसभा में बोलते हुए दरभंगा में एम्स निर्माण के लिए प्रश्न भी किया, जिसका विभागीय मंत्री द्वारा सकारत्मक जवाब दिया गया।
सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि लोकसभा में प्रश्न के उपरांत लगातार सभी स्तरों पर इसके निर्माण में आ रहे बाधाओं को दूर करने के लिए प्रयासरत रहा और इसी क्रम बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से मिलकर डीएमसीएच के अतिरिक्त 200 एकड़ जमीन देने के लिए आग्रह किया और मुख्यमंत्री जी ने तत्काल स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े अन्य तकनीकी खामियों को दूर करने हेतु केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे जी से स्वयं आकर स्थल का निरीक्षण करने का आग्रह किया और माननीय मंत्री जी ने स्वयं डीएमसीएच परिसर का निरीक्षण किया।
सांसद ने कहा कि कहा कि मिथिला के केंद्र दरभंगा में 1264 करोड़ की लागत से 750 बेड वाला एम्स बनेगा, जो कि आजादी के बाद मिथिला व उत्तर बिहार के लोगों के लिए सबसे बड़ी सौगात होगी, जो मोदी जी ने दिया है। उन्होंने कहा कि मिथिला के केंद्र दरभंगा में एम्स का निर्माण होना एक नए अध्याय आरंभ है जिसका लाभ पीढ़ी दर पीढ़ी मिथिला क्षेत्र के लोगों को मिलता रहेगा। मिथिला के केंद्र दरभंगा का एम्स दरभंगा सहित समस्त मिथिला के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा जिससे निकट भविष्य में मिथिला क्षेत्र क्रांतिकारी परिवर्तन दिखेगा, विकास की रफ्तार तेज होगी तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा।
सांसद श्री ठाकुर ने जगत जननी माँ जानकी की पावन भूमि मिथिला, के केंद्र दरभंगा में एम्स देने हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, गृहमंत्री अमित भाई शाह जी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा जी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन जी एवं दरभंगा एम्स हेतु अहम भूमिका निभाने वाले केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री अश्विनी चौबे जी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी एवं बिहार स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय जी को पुनः समस्त मिथिलावासियों के तरफ से धन्यवाद दिया व आभार व्यक्त किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal