दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर ने बिरौल अनुमंडल मुख्यालय पर जनता दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को सुना

तथा उनके निदान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्या के निदान हेतु जनता के साथ संवाद अतिआवश्यक है जिससे वस्तु स्थिति की पूरी जानकारी जनप्रतिनिधि सहित अधिकारियों को मिल सकें।
सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि जन संवाद अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर लगातार होना चाहिए ताकि आम लोगों सहूलियत हो एवं उन्हें भटकना ना पड़े। उन्होंने कहा कि समाज के सम्पूर्ण विकास में जनसमस्या का त्वरित निदान किया जाना जरूरी है।
विदित हो कि सांसद के जनता दरबार में बिरौल अनुमंडल के लगभग सभी पंचायत के लोग अपनी समस्या लेकर पहुँचे। सांसद ने सभी अधिकारियों व पदाधिकरियों को जनसमस्याओं पर संज्ञान लेते हुए त्वरित निदान के लिए निर्देशित किया ताकि ससमय आम लोगों के समस्या का समाधान हो सके।
जनता दरबार में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, जल नल योजना, मनरेगा आदि में अनियमितता का मामला, अतिक्रमण, भूमि विवाद, नील गाय, दाखिल-खारिज, जन वितरण प्रणाली, जल जीवन हरियाली आदि से संबंधित समस्या को आम लोगों ने सांसद के समक्ष रखा। वहीं दरभंगा सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक को चालू करवाने, कृषि इनपुट अनुदान में आ रही समस्याओं के निदान, फसल क्षति मुआवजा एवं पशु चोरी की बात को किसानों ने सांसद के समक्ष रखा। पुलिस प्रशासन की कार्यवाही पर आम लोगों ने काफी आक्रोश व्यक्त किया, जिसमें गलत तरीके से केस करने की बात लोगों ने कही। जनता दरबार में मौजूद कसरौर के सरपंच द्वारा कसरौर विद्यालय में भवन बनाने की मांग की।
जनता दरबार में सांसद के साथ बिरौल अनुमंडल के सभी पदाधिकारियों भी मौजूद थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal