दरभंगा में टीकाकरण का डी.एम. ने किया शुभारंभ
टीका लेने वालों में रहा उत्साह का माहौल
टीका

लेने के बाद पूर्णतः सामान्य दिखें लोग- डीएम
दरभंगा : पूरे विश्व को अपनी प्रकोप के चपेट में लेने वाला कोविड-19 (कोरोना वायरस) से बचाव व सुरक्षा के लिए इजाद किये गए टीका का आज आम लोगों में प्रयोग बिल्कुल सफल दिखा। अवलोकन कक्ष में सभी सामान्य दिखें। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने डी.एम.सी.एच. के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में बनाये गये टीकाकरण केन्द्र का फीता काटकर दरभंगा जिले में टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डी.एम.सी.एच. के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार गुप्ता को वहाँ पहला टीका लगाया गया। इसके बाद दूसरा टीका लगवाने वाले वहीं के डॉ. ओम प्रकाश एवं तीसरा टीका डीएमसीएच के स्टोर कीपर मो0 इब्राहिम को लगाया गया। लगभग 30 मिनट तक वे तीनों ऑब्जर्वेशन में रहें और वे तीनों बिल्कुल सामान्य दिखे। इस अवसर पर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में उत्सव का माहौल रहा। टीका लेने वालों की कतार लगी रही।
टीकाकरण के बाद ज़िंदगी होगी सामान्य
इस अवसर पर संवाददाताओं को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे देश में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा एवं बिहार में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। दरभंगा में डी.एम.सी.एच. से इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। कहा उनके समक्ष तीन लोगों को टीका लगाया गया, वे तीनों ऑब्जर्वेशन में बिल्कुल सामान्य दिखे। इस तरह कोविड-19 का टीका सफल रहा। जिस वायरस से विगत 08 महीने से परेशान थे, जीवन की गतिविधियाँ असामान्य हो गयी थीं, अब खुशी है कि इस टीकाकरण के बाद हम पुनः सामान्य जीवन में लौट जाएंगे। लेकिन, अभी भी कोविड-19 से सुरक्षा व बचाए के लिए जारी गाइडलाइन का पालन करते रहना जरूरी है। मास्क, सामाजिक दूरी एवं सैनिटाइजर का प्रयोग करते रहना है। क्योंकि, प्रथम टीकाकरण के बाद पुनः 28 वें दिन उसी व्यक्ति को दूसरी बार टीका लगाया जाएगा और उसके 15 दिनों के बाद उस व्यक्ति के शरीर में पूर्णतः कोरोना का प्रतिरोधक क्षमता तैयार हो सकेगी। इसलिए सुरक्षा के उपाय अभी जरूरी है।
चिकित्सा कर्मियों को दिया जा रहा टीका
डीएम ने कहा आज प्रथम चरण के टीकाकरण में स्वास्थ्य कर्मियों, स्वास्थ्य संस्थाओं के सफाई कर्मी, एम्बुलेंस चालक एवं चिकित्सकों का टीकाकरण किया जा रहा है। दूसरे चरण में फ्रन्ट लाईन वर्कर, जिनमें नगर निकाय के सफाई कर्मी, पुलिस बल, सेना के जवान, राजस्व एवं ग्रामीण विभाग के कर्मियों/ पदाधिकारियों का टीकाकरण किया जाएगा। तीसरे चरण में 50 वर्ष से ऊपर वाले एवं समस्याग्रस्त लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। जल्द ही आम लोगों को भी टीका लगाया जाएगा।
10 सत्र स्थलों पर टीकाकरण
उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में दरभंगा के 10 सत्र स्थलों (टीकाकरण केन्द्र) पर टीकाकरण किया जा रहा है। प्रत्येक टीकाकरण केन्द्र पर 100-100 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्हें मैसेज भेजा जा चुका है, जो छूट जाएगे, उन्हें बाद में बेहद अफसोस होगा, इसलिए लोगों से अपील है कि वे अपना टीकाकरण निश्चित रूप से करा लें। इस अवसर पर डी.एम.सी. के प्राचार्य डॉ. एच.एन. झा, सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर राकेश गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार मिश्र, डी.पी.एम. (हेल्थ) विशाल कुमार, विश्व स्वास्थ्य संगठन के डॉ. वाशव राज, यू.एन.डी.एफ. के पंकज कुमार, यूनिसेफ के ओंकार चन्द्र व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
टीका केंद्र पारस व आरबी मेमोरियल अस्पताल का लिया जायज़
इसके उपरांत जिलाधिकारी दूसरे टीकाकरण केन्द्र पारस हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। वहाँ सुधाकर मिश्र, अजय कुमार दुबे एवं विजय कुमार पासवान को टीका लगाया जा चुका था। वे अवलोकन कक्ष में बिल्कुल सामान्य रूप से बैठे थे। जिलाधिकारी ने वहाँ की व्यवस्था का अवलोकन किया तथा अवलोकन कक्ष में कुर्सी की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर सभी पदाधिकारी मौजूद थे। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने तीसरे टीकाकरण केन्द्र आर.बी. मेमोरियल हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। वहाँ रूबी, लाल बाबु यादव और अर्पणा कुमारी को टीका लगाया जा चुका था। वे सभी अवलोकन कक्ष में सामान्य रूप से बैठे थे। जिलाधिकारी ने वहाँ की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। इस पर अवसर उपरोक्त सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal