विद्यापति चेयर की स्थापना को लेकर लनामिवि के कुलपति से मिला विद्यापति सेवा संस्थान का प्रतिनिधिमंडल
कुलपति ने

इसकी स्थापना शीघ्र किए जाने का दिया भरोसा प्रतिनिधिमंडल को विस्तृत कार्य योजना तैयार करने का दिया टास्क ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में वर्षो से लंबित विद्यापति चेयर की विधिवत स्थापना यथाशीघ्र किए जाने की मांग को लेकर विद्यापति सेवा संस्थान का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ सुरेंद्र प्रताप सिंह से मिला। संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू के नेतृत्व में कुलपति से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में स्नातकोत्तर मैथिली विभाग के प्राध्यापक डॉ नारायण झा एवं डॉ अशोक कुमार मेहता के साथ विद्यापति सेवा संस्थान के कार्यालय सचिव सह प्रवक्ता प्रवीण कुमार झा शामिल थे। मौके पर डॉ बैजू ने संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल मैथिली भाषा के चतुर्दिक विकास के लिए विश्वविद्यालय के सीनेट एवं सिंडिकेट से अनुमोदित विद्यापति चेयर की स्थापना के प्रस्ताव को यथाशीघ्र विश्वविद्यालय में क्रियान्वित किए जाने की मांग की। उन्होंने कुलपति को भरोसा दिलाया कि विद्यापति चेयर की स्थापना में आर्थिक अड़चन कहीं से भी आड़े नहीं आएगा।
कुलपति ने विद्यापति चेयर की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के उपरांत कहा कि मिथिला के गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत एवं इस भूमि की सारस्वत परंपरा के चतुर्दिक विकास के लिए विद्यापति चेयर की स्थापना का प्रस्ताव सर्वथा युक्तिसंगत है। लेकिन इसकी समुचित उपयोगिता तभी हो सकती है, जब हमारे पास इसके क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत कार्य योजना पहले से तैयार हों। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को इसकी स्थापना से पूर्व मौजूदा वैश्विक परिदृश्य के मद्देनजर विस्तृत कार्य योजना तैयार करने का टास्क दिया। उन्होंने कहा कि मैथिली भाषा व विद्यापति का कृतित्व सिर्फ मिथिला भर में नहीं सिमटा है, बल्कि इसका प्रसार देश-विदेश में फैला हुआ है। इसलिए इसकी कार्य-योजना को तैयार करते समय मैथिली के वैश्विक परिदृश्य को ध्यान में रखा जाना काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सार्थक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर किसी भी प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान करने में आर्थिक अड़चन को बाधा नहीं बनने दी जाएगी।
विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कुलपति के साथ संस्थान के प्रतिनिधिमंडल की सोमवार को हुई मुलाकात को काफी सर्तक बताते कहा कि विद्यापति चेयर की स्थापना को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए स्नातकोत्तर मैथिली विभाग के प्राध्यापक डॉ नारायण झा को अधिकृत किया गया है। जबकि संस्थान के कार्यालय सचिव सह प्रवक्ता प्रवीण कुमार झा इस कार्य में उनकी मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि विस्तृत कार्ययोजना के साथ जल्दी ही संस्थान का प्रतिनिधिमंडल कुलपति से एक बार फिर मुलाकात करेगा और उनकी कोशिश होगी कि 2 फरवरी को ललित जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यापति चेयर के स्थापना की विधिवत घोषणा विश्वविद्यालय स्तर पर हो सके।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal