जल संसाधन मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा निर्देशित कैच द रेन कार्यक्रम के तहत नेहरू युवा केंद्र, दरभंगा द्वारा विदेह युवा क्लब के तत्वावधान में जल संरक्षण विषय पर संगोष्ठी सह जागरूकता रैली का आयोजन

बहादुरपुर प्रखंड के उघड़ा पंचायत में किया गया।
उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मानव संस्कार के सचिव मुकेश कुमार झा ने अपने संबोधन में जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ, ताजा पानी एक सीमित संसाधन है। दुनिया में मीठे पानी की सीमित आपूर्ति हमारे सबसे कीमती संसाधनों में से एक बन रही है। पृथ्वी पर प्रत्येक व्यक्ति को जीवित रहने के लिए पानी की आवश्यकता होती है। इसके बिना, हम में से कई बीमार हो जाते और यहां तक कि मौत भी हो जाती। पृथ्वी का लगभग 70% हिस्सा पानी से बना है, इसके बावजूद दुनिया के कई हिस्सों में साफ पानी की कमी है। इसलिए पानी का संरक्षण महत्वपूर्ण है। जल संपूर्ण विश्व में मानव, पशु, पक्षी एवं प्रकृति के लिए बहुत ही आवश्यक है। जल ही जीवन है जल के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। अगर जल सुरक्षित हैं तो हमारा कल भी सुरक्षित है।
वहीं विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित मानव संस्कार के अध्यक्ष मणिकांत ठाकुर ने कहा कि पानी का संरक्षण करने का अर्थ है कि हमें पानी की आपूर्ति का बुद्धिमानी से उपयोग करना और जिम्मेदार होना। जैसा कि प्रत्येक व्यक्ति की आजीविका पानी पर निर्भर करता है, हमें सीखना चाहिए कि पानी की हमारी सीमित आपूर्ति को कैसे शुद्ध रखें और प्रदूषण से मुक्त रखें। हमारी जल आपूर्ति को सुरक्षित और शुद्ध रखने से आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी की रक्षा होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हुए अपने अध्यक्षीय संबोधन में आनंद कॉमर्स एकेडमी के संचालक कृष्ण मोहन झा ने कहा कि जिस प्रकार से पिछले कुछ समय में जल के लिए हाहाकार मचा वो यह दर्शाता है कि हम जल एवं प्रकृति के प्रति कितने जिम्मेदार है जो कि चिंतनीय है। जल संरक्षण पर इस प्रकार के कार्यक्रम तभी सफल होंगे जब हमारा समाज जल की व्यर्थ उपयोग एवं जल को दूषित करने से परहेज़ करेंगे अन्यथा यदि इसी प्रकार से हम प्रकृति द्वारा प्रदत जल जैसे अमूल्य उपहार का निरादर करते रहे तो निश्चय ही हम अपने आने वाले पीढ़ियों के लिए गंभीर समस्या उत्पन्न कर जाएंगे। वर्तमान समय में हमारे आसपास कई नई गंभीर बीमारियों का जाल बन रहा है, जिसका एक कारण जल प्रदूषण भी है।
इस अवसर पर जल संरक्षण विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान क्रमशः सुषमा सुमन,गोविंद कुमार झा एवं गीता कुमारी ने प्राप्त किया। जिन्हें अतिथियों ने प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन विदेह युवा क्लब के अध्यक्ष शुभम कुमार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन बृजनंदन कुमार ने किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal