शंकराचार्य के टटुआर में आगमन को लेकर ग्रामीणों ने किया जनसंपर्क
उनके पावन सानिध्य में 25 फरवरी को आयोजित धर्म-दर्शन संगोष्ठी एवं दीक्षा अनुष्ठान की दी जानकारी

गोवर्धन मठ-पुरी पीठाधीश्वर-श्रीमद् गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री निश्चलानंद सरस्वती के आगामी 24 फरवरी को मनीगाछी प्रखंड के टटुआर (बिसौल) गांव में आगमन के मद्देनजर बुधवार को ग्रामीणों ने पड़ोस के गांवों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने शंकराचार्य के पावन सानिध्य में 25 फरवरी को आयोजित धर्म-दर्शन संगोष्ठी एवं दीक्षा अनुष्ठान कार्यक्रम की लोगों को विस्तृत जानकारी देते हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में आने का न्यौता दिया। पड़ोसी गांव सखबार, ब्रह्मपुरा, सरिसब, पाही, बघाँत, चनौर, राजे आदि गांवों में बुधवार को किए गये जनसंपर्क के दौरान लोगों ने स्वामी जी के टटुआर गांव में आगमन को लेकर प्रसन्नता जाहिर की और इसे इसे सम्पूर्ण इलाके के लिए गौरव का अवसर बताया। बता दें कि स्वामी श्री निश्चलानंद सरस्वती दो दिवसीय मिथिला भ्रमण कार्यक्रम के तहत 24 फरवरी की संध्या बेला में टटुआर गांव पहुंचेंगे और उस दिन रात्रि विश्राम करने उपरांत 25 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से उनके पावन सान्निध्य में धर्म-दर्शन संगोष्ठी एवं दीक्षा अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal