लंबित मांगों के समर्थन में विधानमंडल के समक्ष कर्मचारियों ने दिया धरना
बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ की राज्य इकाई के आह्वान पर विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों ने मंगलवार को लंबित मांगों के समर्थन में पटना में आहूत दो दिवसीय धरना कार्यक्रम में भाग लिया। महासंघ के दरभंगा जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन कुमार, महामंत्री

राधेश्याम झा एवं लनामिवि के प्रक्षेत्रीय मंत्री विनय कुमार झा ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने धरना स्थल पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज की जबकि शेष कर्मचारी मांग के समर्थन में सामूहिक अवकाश पर रहते हुए कार्य का बहिष्कार किया।
उन्होंने बताया कि विधानमंडल के समक्ष दो दिवसीय धरना का निर्णय पूर्व से कार्यरत संविदा कर्मियों के नियमितीकरण के लिए सरकारी कर्मचारियों के लिए बनी अशोक चौधरी कमेटी में विश्वविद्यालय में कार्यरत संविदा कर्मियों के मामले को भी शामिल किए जाने, अनुकंपा की नियुक्ति के मामलों में कुलपति द्वारा बरती जा रही उदासीनता, प्रोन्नति के मामले में परिनियम की उपेक्षा, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के आलोक में अब तक प्रधान सहायक एवं लेखापाल को समुचित वेतनमान नहीं दिए जाने, विश्वविद्यालय अभियंता एवं बिजली मिस्त्री को एक जनवरी 1996 से वेतन में सुधार नहीं किए जाने, विकास की नीति के विपरीत शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं माननीय उच्च न्यायालय पटना के आदेशों की अवमानना किए जाने, शिक्षकों की भांति शिक्षकेतर कर्मियों के अवकाश ग्रहण की उम्र सीमा 62 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष किए जाने, सातवें वेतनमान की अंतर राशि का भुगतान अब तक नहीं किए जाने एवं इसके भुगतान में भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाए जाने आदि मांग शामिल हैं।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal