Breaking News

विद्यापति चेयर की स्थापना को लेकर लनामिवि के कुलपति से मिले डाॅ बैजू

विद्यापति चेयर की स्थापना को लेकर लनामिवि के कुलपति से मिले डाॅ बैजू

कुलपति ने शीघ्र स्थापना का दिलाया भरोसा, कार्य योजना पर किया विमर्श

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में वर्षो से लंबित विद्यापति चेयर की विधिवत स्थापना यथाशीघ्र किए जाने को लेकर विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने मंगलवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ सुरेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात की। कुलपति से मुलाकात के दौरान स्नातकोत्तर मैथिली विभाग के प्राध्यापक डॉ नारायण झा एवं विद्यापति सेवा संस्थान के कार्यालय सचिव सह प्रवक्ता प्रवीण कुमार झा भी उनके साथ थे। मौके पर डॉ बैजू ने संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल मैथिली भाषा के चतुर्दिक विकास के लिए विश्वविद्यालय के सीनेट एवं सिंडिकेट से अनुमोदित विद्यापति चेयर की स्थापना के प्रस्ताव को यथाशीघ्र विश्वविद्यालय में क्रियान्वित किए जाने की मांग कुलपति के समक्ष रखी। उन्होंने कुलपति को भरोसा दिलाया कि विद्यापति चेयर की स्थापना एवं इसके समुचित कियान्वयन में आर्थिक अड़चन कहीं से भी आड़े नहीं आएगा।

कुलपति ने विद्यापति चेयर की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर  चर्चा के दौरान कहा कि मिथिला के गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत एवं इस भूमि की सारस्वत परंपरा के चतुर्दिक विकास के लिए विद्यापति चेयर की स्थापना का प्रस्ताव सर्वथा युक्तिसंगत है। लेकिन इसकी समुचित उपयोगिता तभी हो सकती है, जब हमारे पास इसके क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत कार्य योजना पहले से तैयार हों।

उन्होंने संस्थान की ओर से तैयार की गई कार्य योजना पर गहन विमर्श करते हुए इसकी स्थापना से पूर्व मौजूदा वैश्विक परिदृश्य को मद्देनजर रखते हुए विस्तृत कार्य योजना तैयार करने का टास्क दिया। उन्होंने कहा कि मैथिली भाषा व विद्यापति का कृतित्व सिर्फ मिथिला भर तक नहीं सिमटा है, बल्कि इसका प्रसार देश-विदेश में फैला हुआ है। इसलिए इसकी कार्य-योजना को तैयार करते समय मिथिला एवं मैथिली के मौजूदा वैश्विक परिदृश्य को ध्यान में रखा जाना काफी महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सार्थक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर किसी भी प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान करने में आर्थिक अड़चन को बाधा नहीं बनने दी जाएगी।

विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कुलपति के साथ मंगलवार को हुई मुलाकात को काफी सार्थक बताते कहा कि विद्यापति चेयर की स्थापना को लेकर कार्य-योजना तैयार करने के लिए स्नातकोत्तर मैथिली विभाग के प्राध्यापक डॉ नारायण झा को अधिकृत किया गया है। जबकि संस्थान के कार्यालय सचिव सह प्रवक्ता प्रवीण कुमार झा इस कार्य में उनकी मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तैयार कार्ययोजना में कुलपति द्वारा सुझाये गये विन्दुओं के संशोधन के साथ जल्दी ही संस्थान का प्रतिनिधिमंडल कुलपति से मुलाकात करेगा और उनकी कोशिश होगी कि सीता अवतरण दिवस जानकी नवमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यापति चेयर के स्थापना की विधिवत घोषणा विश्वविद्यालय स्तर पर हो सके।

मौके पर डॉ बैजू ने कुलपति द्वारा मिथिला के विभिन्न विभूतियों की प्रतिमाओं पर छतरी का निर्माण करा कर इन विभूतियों के प्रति सम्मान का भाव प्रदर्शित करने के लिए बंगलुरु के प्रवासी मैथिलों द्वारा कुलपति के सम्मान में प्रेषित सम्मान उपहार प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान कुलसचिव डॉ मुश्ताक अहमद, सीनेट सदस्य विजय कुमार, कुलपति के निजी सचिव डॉ केएन श्रीवास्तव, रवि कांत आदि उपस्थित थे।

 

 

Check Also

• आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित… 

🔊 Listen to this   • आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की …