
मधुबनी जिले में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगना हुआ शुरू
-जिले में अब तक 7495 लोग हुए संक्रमित
-जिले में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या हुई 35
मधुबनी जिले में हर दिन कोरोना संक्रमण के नये मरीज मिल रहे हैं। इससे संक्रमण से बचाव संबंधी विशेष एहतियाती उपायों पर अमल फिर से जरूरी हो गया है। गुरुवार को जिले में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 35 हो गया है| वहीं बुधवार को संक्रमितों की संख्या 25 थी। संक्रमण से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिये स्वास्थ्य विभाग कोरोना जांच में तेजी लाने के साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों को टीकाकृत किये जाने पर अपना ध्यान केंद्रित किये है। जिले में सदर अस्पताल, मधुबनी मेडिकल कॉलेज, अनुमंडलीय अस्पताल, पीएचसी तथा स्टेशन परिसर में कोविड-19 की जांच की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ गुरुवार से 45 साल से अधिक उम्र के तमाम लोगों को टीका लगाने के लिये विशेष अभियान की शुरुआत की गई। अभियान को सफल बनाने के प्रयासों में विभाग जुटा हुआ है। इसके लिये विशेष इंतजाम किये गये हैं|
जिले में अब तक 7495 मरीज हुए संक्रमित:
जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया जिले में अब तक 7495 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं | जिसमें 7457 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं |वहीं जिले में अब तक 7,48,255 लोगों की कोरोना संक्रमण की जांच हुई है। जिले में वर्तमान में कोरोना संक्रमित का आंकड़ा 35 है। सभी होम आइसोलेशन में हैं।
टीका लेने के बाद लोगों ने दी प्रतिक्रिया:
कोविड-19 टीका पूरी तरह सुरक्षित अफवाह पर न दें ध्यान:
ग्राम वीरपुर मधुबनी की सुधीरा देवी(पति भोगेंद्र झा) ने बताया जिन्हें भी टीका लेने का अवसर मिल रहा है वह इसे हरगिज ना गवाएं| अफवाहों पर ध्यान नहीं देते हुए अपने परिवार की भलाई को देखते हुए टीका अवश्य लें। टीका लेने के बाद उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई है। उन्होंने कोविड-19 टीका को पूरी तरह सुरक्षित बताया। कहा शुरुआत में कॉविड को लेकर हम लोग डरे हुए थे। अब जब सरकार द्वारा टीका दिया जा रहा है जो हमारे सुरक्षा के लिए है तो टीका जरूर लेना चाहिए| टीका लेने में सामान्य सुई लेने जैसा ही महसूस हुआ।
वैक्सीन से लोगों को डरने की जरूरत नहीं:
सीतामढ़ी से आई हरिप्रसाद पूर्वे की पत्नी अन्नपूर्णा कुमारी ने बताया मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं। किसी तरह का कोई भी साइड इफेक्ट नहीं हुआ। लोगों में वैक्सीन को लेकर काफी भ्रांतियां हैं , इसे दूर करने की जरूरत है। हर किसी को टीका लगाना चाहिए।
टीका का कोई साइड इफेक्ट महसूस नहीं हुआ:
भूप नारायण सिंह कॉलोनी से आए 56 वर्षीय विश्वेश कुमार ने बताया बिना किसी हिचक के कोविड-19 का टीका लें। यह पूरी तरह सुरक्षित है एवं किसी प्रकार का साइड इफेक्ट नहीं है| टीका लेने के बाद ही वह पूर्व की तरह ही स्वस्थ महसूस कर रही हैं| किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने टीका को पूरी तरह सुरक्षित बताया।
संक्रमण से बचाव के लिये करें इन बातों पर अमल :
-अनिवार्य रूप से करें मास्क का उपयोग
-आपसी मेल मिलाप के वक्त रखें शारीरिक दूरी का ध्यान
-नियमित समयांतराल पर हाथों की सफाई करें
-हाथों की सफाई के लिये अल्कोहल युक्त हैंडवाश व साबुन का करें उपयोग
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal