
मुख्यमंत्री ने कोरोना की रोकथाम को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक
कोरोना की जांच में लाये तेजी- प्रधान सचिव
दरभंगा हाल के दिनों में कोरोना के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव सभी प्रमण्डलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के स्थानीय पदाधिकारियों के साथ ऑनलाईन समीक्षात्मक बैठक की। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने पावर प्वांइट प्रजेंटेशन के माध्यम से वैसे 08 जिले जिनमें कोरोना के एक्टिव मामले ज्यादा हैं, के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। वैसे जिले में पटना, जहानाबाद, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सिवान एवं सारण शामिल हैं। इन आठों जिले में सर्वाधिक 1881 एक्टिव केस पटना में हैं, जबकि सबसे कम 83 एक्टिव केस सारण में हैं। इन जिलों की समीक्षा के दौरान यह बात सामने आयी कि 15 मार्च के बाद पॉजिटिव केस की संख्या में वृद्धि हुई है। इस दौरान कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में एक उड़ीसा के विद्यार्थी से 82 लोग पॉजिटिव हो गये।
कोरोना को ले चलायें जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों में कोरोना के मामलें में तेजी से वृद्धि हो रही है। लोग वहाँ से बड़ी संख्या में वापस आ रहे हैं. उन पर नजर रखनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर पुनः क्वांटाइन सेन्टर पर ध्यान देना होगा। कोरोना के जो केस मिल रहे हैं, उसके स्वास्थ्य संबंधी इतिहास की जानकारी लेनी होगी। कहा कि किसके सम्पर्क में आने पर वह कोरोना पॉजिटिव हुआ इससे अवगत होने की जरूरत है। बताया मुम्बई और पुणे से लोगों को भेजने के लिए 6 से 20 अप्रैल तक विशेष ट्रेन चलायी जा रही है। उन्होंने टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिये। साथ ही कोरोना की जाँच में तेजी लाने तथा कोरोना के प्रति जागरूकता हेतु प्रचार- प्रसार कराने के निर्देश दिये, ताकि सभी लोगा मास्क पहने, सामाजिक दूरी कायम रखें और अपना हाथ बार-बार साफ करें। स्वास्थ्य विभाग ने प्रधान सचिव ने बताया अभी तक बिहार में 38 लाख 35 हजार लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। कोरोना की जाँच एवं टीकाकरण की गति में भी तेजी आयी है। विशेष परिस्थिति के लिए कोविड केयर सेन्टर, डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल तैयार स्थिति में है। तथा कोरोना पॉजिटिव के निकट सम्पर्क वालों का 72 घंटे के अन्दर ट्रेसिंग किया जा रहा है। कोरोना पॉजिटिव को होम आईसोलेशन में रखते हुए उस स्थान को माइक्रो कंटेनमेन्ट जोन बनाया जा रहा है, जिस पर प्रशासन नजर रख रही है। बैठक में दरभंगा से पुलिस महानिरीक्षक अजिताभ कुमार, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम, वरीय पुलिस अधीक्षक बाबू राम, सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, डीएमसीएच अधीक्षक डॉ मनीभूषण प्रसाद, उप निदेशक जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता व स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारीगण ऑनलाईन जुड़े हुए थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal