
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच प्रशासन सजग
महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों के कोविड जांच को लेकर रेलवे स्टेशन पर हुई बैठक
महराष्ट्र से आने वाली ट्रेनों में रास्ते में चढ़ने वाले लोगों की नहीं होगी जांच- डीएम
जिलाधिकारी ने चार- चार कोच पर एक जांच काउंटर बनाने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया
डीएम व एसएसपी ने अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन का किया मुआयना
दरभंगा जिला में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच जिला प्रशासन सजग है। इसे लेकर बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच हवाई अड्डा व रेलवे स्टेशन पर करने का निर्देश दिया गया है। खासकर मुम्बई से आने वाले यात्रियो की प्रमुखता से जांच की जानी है। बिहार सरकार के निर्देशानुसार महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों के (कोविड-19) कोरोना की जाँच को लेकर दरभंगा रेलवे स्टेशन के सभागार में गुरूवार को जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम व वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम की संयुक्त अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग एवं रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया महाराष्ट्र से आने वाली सभी ट्रेनों के यात्रियों की रैपिड एंटिजन किट से कोरोना जांच की जाय। बताया गया कि मुम्बई व पुणे से एक ट्रेन शुक्रवार की सुबह, एक ट्रेन सोमवार की सुबह एवं पवन एक्सप्रेस 12:30 बजे रात्रि में आती है। जिलाधिकारी डॉ एसएम ने कहा महाराष्ट्र को छोड़कर बीच के स्टेशनों पर चढ़ने वाले यात्रियों की जांच नहीं की जाएगी। इसके लिए चार- चार कोच पर एक जांच काउंटर बनाने के निर्देश सिविल सर्जन डॉ संजीव कुमार सिन्हा को दिया गया। तथा स्टेशन परिसर पर रस्सी की बैरेकेटिंग कराने के निर्देश नजारत उप समाहर्ता को दिया गया। आरपीएफ के इंस्पेक्टर बृजेश कुमार से समन्वय स्थापित कर बेरिकेटिंग कराने के निर्देश वरीय उप समाहर्ता प्रभारी जिला नजारत संस्कार रंजन को दिए गए। अनुमंडल पदाधिकारी सदर राकेश कुमार गुप्ता को स्टेशन के दोनों निकास द्वार पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश दिए गए। जिला परिवहन पदाधिकारी कुमार रवि को गाड़ी की मुकम्मल व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। जांच में पॉजिटिव पाए जाने वाले लोगों को उनकी इच्छा के अनुसार होम आइसोलेशन या जिला आइसोलेशन केंद्र में रखा जाएगा।
करीब 6 सौ यात्रियों की होगी जांच:
बैठक में उपस्थित स्टेशन मास्टर अशोक कुमार सिंह एवं स्टेशन डायरेक्टर पुष्कर कुमार ने बताया महाराष्ट्र से आने वाली ट्रेनों में दरभंगा उतरने वाले यात्रियों की संख्या करीब पांच सौ से छः सौ के बीच रहती है। कोरोना को देखते हुये स्टेशन पर सोशल डिस्टेसिंग का ध्यान रखा जायेगा। साथ ही अन्य प्रोटोकॉल का भी सख्ती से अनुपालन को लेकर पुलिस बल का सहयोग लिया जायेगा। इसे लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। ताकि स्टेशन पर कोरोना संक्रमण को रोका जाय। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर का भ्रमण कर कोरोना जांच काउंटर के लिए उचित स्थल हेतु भ्रमण किया। यात्रियों को बैठाने के लिए मिथिला भवन एवं प्लेटफार्म नंबर एक का चयन किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी अजय कुमार, उप निदेशक जन-सम्पर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राकेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पुलिस अधीक्षक सदर अनोज कुमार, स्टेशन मास्टर अशोक कुमार सिंह, स्टेशन डायरेक्टर पुष्कर कुमार आदि संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal