सी एम कॉलेज व अंबेडकर युवा केंद्र,दरभंगा के तत्त्वावधान में अंबेडकर जयंती समारोह आयोजित

सी एम कॉलेज व अंबेडकर युवा केंद्र,दरभंगा के तत्त्वावधान में अंबेडकर जयंती समारोह आयोजित

युगपुरुष अंबेडकर की शिक्षा रूपी अखंड ज्योति सामाजिक परिवर्तन लाने में पूर्णतया सक्षम- प्रो विश्वनाथ

भेदभाव रहित सामाजिक समानता एवं स्वतंत्रता युक्त समाज बनाना अंबेडकर का सपना- डा चौरसिया

डा अंबेडकर ख्याति प्राप्त न्यायविद् ,संविधान निर्माता, राजनीतिज्ञ,समाजसेवी तथा महान चिंतक- विजय पासवान

समारोह में वाजितपुर के छात्र-छात्राओं को पुस्तक, कलम आदि प्रदानकर किया गया सम्मानित
मानव को मानव का दर्जा दिलाना अंबेडकर के जीवन का मुख्य लक्ष्य था। वे हर तरह की असमानताओं का समूल नष्ट करने वाले महामानव थे।उन्होंने मानव कल्याण के लिए जिन नीतियों एवं सिद्धांतों का सृजन किया,वे अभूतपूर्व थे। युगपुरुष अंबेडकर की शिक्षा रूपी अखंड ज्योति सामाजिक परिवर्तन लाने में पूर्णतया सक्षम है।उक्त बातें सी एम कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो विश्वनाथ झा ने वाजितपुर-किलाघाट मोहल्ला में सी एम कॉलेज,दरभंगा तथा अंबेडकर युवा केंद्र,दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंबेडकर जयंती समारोह सह सम्मान समारोह का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करते हुए कहा।उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में वाजितपुर का आगे बढ़ना अंबेडकर के एक सपने को पूरा करना ही है।महिलाओं में काफी क्षमता है जो समाज में परिवर्तन ला सकती हैं।प्रधानाचार्य ने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि वे नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें,क्योंकि नशापान
हमारा भविष्य चौपट कर देता है तथा इससे चारित्रिक पतन भी होता है।
मुख्य अतिथि के रूप में इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डा आर एन चौरसिया ने कहा कि मानव मात्र के लिए समता, स्वतंत्रता व बंधुता का आजीवन शंखनाद करने वाले दूरदर्शी अंबेडकर मात्र दलितों के ही मसीहा नहीं,बल्कि सभी तरह की असमानता तथा उपेक्षा से पीड़ित मानव समाज के तारनहार थे। अंबेडकर सामाजिक न्याय व समानता के पोषक थे जो व्यक्ति मात्र ही नहीं,वरन सम्पूर्ण विचारधारा हैं।
अध्यक्षीय संबोधन में अंबेडकर युवा केंद्र,दरभंगा के अध्यक्ष विजय कुमार पासवान ने कहा कि भारतरत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ख्यातिप्राप्त न्यायविद्, संविधाननिर्माता,कुशल राजनीतिज्ञ,समाजसेवी तथा महान चिंतक थे। वे दलितों के उद्धार एवं मानवता के मसीहा थे,जिनके बताए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।समय परिवर्तन के साथ ही आज सामाजिक आजादी का प्रकाश पूरे समाज को आलोकित कर रहा है। युवाओं की पीढी अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए एक सशक्त समाज तथा उन्नत राष्ट्र का निर्माण करें।
विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रभाषा हिंदी विकास परिषद् ,दरभंगा के अध्यक्ष डा हीरालाल सहनी ने कहा कि भारतीय इतिहास में अंबेडकर का नाम अविस्मरणीय है,जिन्होंने अपने प्रयास से सामाजिक परिवर्तन लाए।अंबेडकर प्रगतिशील दलित नेता के रूप में सदा स्मरणीय रहेंगे।सिर्फ भाषण से नहीं,बल्कि आचरण से अंबेडकर के सपनों के भारत का निर्माण संभव होगा। विषय प्रवेश कराते हुए समाजसेवी दिलीप पासवान ने कहा कि अंबेडकर देश-विदेश में न सिर्फ 32 डिग्रियां प्राप्त की थी, बल्कि शिक्षा और ज्ञान भी प्राप्त किया था।छात्र जीवन में छुआछूत की भावना से पीड़ित होकर उन्होंने उसका समूल नष्ट करने का पूरा प्रयास किया।हम सब का पुनीत कर्तव्य है कि सुशिक्षित होकर उनके सपनों को साकार करें।
इस अवसर पर राजकुमार गणेशन,अमरजीत कुमार,अर्चना गुप्ता,वार्ड पार्षद गीता देवी,शशि भूषण श्रीवास्तव,सुनील कुमार, दुर्गा देवी,खगेंद्र पासवान,विशंभर पासवान,अमिताभ श्रीवास्तव,प्रेम कुमार सत्संगी,मनीषा कुमारी,शोभा अग्रवाल आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में वाजितपुर-रत्नोंपट्टी मोहल्ला के प्रथम श्रेणी में मैट्रिकपरीक्षा- 2021 पास सभी छात्र-छात्राओं को पुस्तक,कलाम व प्रशंसा-पत्र आदि प्रदान कर हौसलाअफजाई किया गया,जबकि अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ तथा कलम प्रदान कर किया गया।
कार्यक्रम का प्रारंभ अंबेडकर के तैल चित्र पर माला व पुष्पांजलि अर्पण से हुआ। अवकाश प्राप्त सब-इंस्पेक्टर उमाशंकर पासवान के संचालन में आयोजित समारोह में अतिथियों का स्वागत डॉ प्रेम कुमारी ने किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन अंबेडकर युवा केंद्र के कोषाध्यक्ष सुनील कुमार महतो ने किया।

Check Also

 • बहेड़ी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय स्थित आर.टी.पी.एस. केंद्र का निरीक्षण   

🔊 Listen to this   • बहेड़ी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय स्थित आर.टी.पी.एस. केंद्र का निरीक्षण   …