Breaking News

श्यामा मंदिर के प्रधान पुजारी डाॅ प्रेमानंद झा के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने जतायी शोक

 

श्यामा मंदिर के प्रधान पुजारी डाॅ प्रेमानंद झा के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने जतायी शोक संवेदना

माधवेश्वर राज परिसर में महाराज रमेश्वर सिंह की चिता पर अवस्थित प्रसिद्ध श्यामा मंदिर के मुख्य पुजारी डाॅ प्रेमानंद झा का शनिवार की देर शाम निधन हो गया। वे करीब 82 वर्ष के थे। उनके निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने रविवार को शोक संवेदना जताई। अपने शोक संदेश में संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने उन्हें तंत्र साधना का महान साधक बताते हुए कहा कि उनके निधन से मिथिला के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक विकास का एक बड़ा चिंतक हमसे हमेशा के लिए जुदा हो गया।
मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष सह मां श्यामा न्यास समिति के उपाध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने कहा कि श्यामा भक्त परिवार के आदर्श अभिभावक के रूप में बाबूजी के नाम से ख्याति अर्जित करने वाले वे अपने परिवार से मां श्यामा के तीसरे प्रधान पुजारी थे। वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा ने कहा कि मां श्यामा काली के अनन्य भक्त के रूप में उनकी आंखों से हमेशा स्निग्धता, वात्सल्य, शुभकामना और आशीष का भाव प्रवाहित होता रहा।
श्यामा भक्त एवं समाजसेवी विनोद कुमार झा ने कहा कि वे अपने नाम के अनुरूप आजीवन द्रवणशील सहजता और स्नेह से प्रेम के आनंद की वर्षा करते रहे। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलानुशासक एवं धर्मशास्त्र के विद्वान डाॅ श्रीपति त्रिपाठी ने कहा कि वे भौतिक जगत में व्याप्त हलचल से हमेशा दूर रहते हुए जीवनपर्यंत मां श्यामा की सेवा एवं भक्ति में लीन रहे।
संस्थान के सचिव प्रो जीवकांत मिश्र ने कहा कि जितनी ही उनकी ख्याति तंत्र साधना को लेकर रही, उतनी ही एक योग्य शिक्षक के रूप में भी वे विख्यात रहे। पीजी मैथिली विभाग के अध्यक्ष एवं मां श्यामा न्यास समिति के सदस्य प्रो रमेश झा ने उन्हें अपने उज्ज्वल वंश की परंपरा के अनुसार संस्कृत भाषा-साहित्य एवं तांत्रिक विधि पूजा पद्धति का निष्णात विद्वान बताया।
संस्थान के मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने कहा कि भले ही उन्होंने अपने जीवन में जीविकोपार्जन के लिए शिक्षा दान की स्वच्छ वृत्ति भी अपनाई, लेकिन उनका ध्यान आजीवन अध्यात्मिक साधना एवं मां श्यामा की सेवा व भक्ति के प्रति समर्पित रहा। उनके निधन पर महानंद ठाकुर, प्रो विजयकांत झा, नवल किशोर झा, डॉ सुषमा झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढाभाई, डाॅ महेंद्र नारायण राम, हीरा कुमार झा, डॉ गणेश कांत झा, दीपक कुमार झा, संतोष कुमार झा, आशीष चौधरी, चंदन सिंह, चौधरी फूल कुमार राय, मिथिलेश चौधरी, दुर्गानंद झा आदि ने भी अपनी शोक संवेदना प्रकट की।

Check Also

• आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित… 

🔊 Listen to this   • आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की …