पद्मश्री मानस बिहारी वर्मा के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने जतायी शोक संवेदना

देश के पहले स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रसिद्ध वैज्ञानिक पद्मश्री मानस बिहारी वर्मा के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने मंगलवार को शोक जताया। संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने शोक जताते कहा कि मिथिला के लाल डाॅ मानस बिहारी वर्मा के निधन से संपूर्ण देश को अपूर्णीय क्षति हुई है। उनके निधन से देश की सेवा करते हुए मिथिला के शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों में विशेष रूप से सक्रिय रहने वाला मिथिला का गौरव हमसे हमेशा के लिए जुदा हो गया।
मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने कहा कि अपने कृतित्व एवं व्यक्तित्व के लिए वे सदा अमर रहेंगे। वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा ने कहा कि सरल, सहज एवं सौम्य व्यक्तित्व के धनी मानस बिहारी वर्मा में घमंड का लेस मात्र नहीं था। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के सहपाठी के रूप में उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जिस सादगी से जीया, यह हमेशा अनुकरणीय बना रहेगा।
सचिव प्रो जीवकांत मिश्र ने कहा कि मानस बिहारी वर्मा के रूप में हमने देश व मिथिला के महान सपूत को खो दिया। उनके योगदान को देश व मिथिला के लोग हमेशा याद रखेंगे। महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन हीरा कुमार झा ने कहा कि देश के विकास में अपने अमूल्य योगदान के लिए वे हमेशा जीवंत बने रहेंगे।
मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने कहा कि उनके जानलेवा हृदयाघात से संपूर्ण देश को गहरा आघात पहुंचा है। उनके निधन से देश एवं मिथिला समाज को हुई भारी क्षति की भरपाई निकट भविष्य में असंभव है। उनके निधन पर प्रो विजयकांत झा, विनोद कुमार झा, नवल किशोर झा, डॉ सुषमा झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढाभाई, डाॅ महेंद्र नारायण राम, डॉ गणेश कांत झा, आशीष चौधरी, चंदन सिंह, चौधरी फूल कुमार राय, मिथिलेश चौधरी, दुर्गानंद झा आदि ने भी अपनी शोक संवेदना प्रकट की।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal