लॉकडाउन के दौरान असहाय लोगों को मिलेगा भोजन
आज से एम.एल.एस.एम कॉलेज में बनेगा भोजन

दरभंगा, 05 मई विगत वर्ष लगाए गए लॉक डाउन के दौरान जिस तरह असहाय एवं बेसहारा लोगों को प्रतिदिन सुबह शाम भोजन कराया गया था, इस बार भी जिला प्रशासन की ओर से महाराजा लक्ष्मेश्वर सिंह मेमोरियल कॉलेज में भोजन करवाया जाएगा। इसकी तैयारी करने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में समाहरणालय अवस्थित अंबेडकर सभागार में बैठक आयोजित की गयी। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा लॉकडाउन के दौरान कई जगह पर, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन एवं रैन बसेरा में बेसहारा लोग फंसे हुए मिलेंगे, उन्हें सुबह-शाम भोजन मिलनी चाहिए| कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहना चाहिए। उनके लिए एम.एल.एस.एम. कॉलेज में सुबह-शाम भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
खाना खिलाने को ले बनी कमिटी
बेसहारा लोगों को प्रतिदिन सुबह-शाम खाना खिलाने के लिए एक कमिटी बनायी गयी। जिसमें नगर आयुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी जिला नजारत, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) एवं एक गैर सरकारी संस्था रोटी क्लब को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य स्थलों के भी बेसहारा लोगों तक खाना पहुंचाने के लिए डीएम ने एक वाहन रख लेने को कहा है। साथ ही खाना खिलाने के लिए पर्याप्त बर्तन की भी व्यवस्था कर लेने को कहा। उन्होंने कहा इस कार्य में संलग्न लोगों का पास जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) बनाएंगे। खाना बनवाने का कार्य जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) द्वारा किया जाएगा तथा खाना का वितरण रोटी क्लब द्वारा किया जाएगा। उन्होंने रेडीमेड फूड की भी तैयारी कर लेने को कहा ताकि लॉकडाउन के दौरान किसी बेसहारा के द्वारा रेडीमेड भोजन की मांग की जाती है, तो उसे उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, उप निदेशक जन संपर्क, वरीय प्रभारी पदाधिकारी जिला नजारत, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन), दरभंगा एवं गैर सरकारी संस्था के सदस्य उपस्थित थे।
डीएम ने ग्राहकों को सही कीमत पर सामान की उपलब्धता को दिया निर्देश
अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में दरभंगा के व्यवसायी संघ के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि थोक बिक्रेताओं की यह जिम्मेवारी होगी कि खुदरा विक्रेता ग्राहकों को सही कीमत पर सामान बेचें । उन्होंने कहा माल वाहक वाहनों के आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। यदि खुदरा विक्रेताओं तक सामान /माल पहुंचाने के लिए छोटे वाहनों को पास की आवश्यकता होगी, तो अनुमंडल पदाधिकारी, सदर द्वारा पास निर्गत किया जाएगा। किसी सामान की दरभंगा में कोई कमी होने के संबंध में जब उन्होंने व्यवसायियों से पूछा तो थोक विक्रेताओं ने कहा कि दरभंगा जिला में किसी सामान की कोई कमी नहीं है।
बढ़े कीमत पर सामान बेचने पर होगी कार्रवाई
डीएम ने बाजार समिति में काम करने वाले मजदूरों का पास अनुमंडल पदाधिकारी, सदर के माध्यम से बनवा लेने का निर्देश दिया । उन्होंने कहा व्यवसायियों को सामान लेने, ले जाने या लोड-अनलोड करने में कोई परेशानी नहीं होगी, लेकिन किसी भी सामान की कीमत बढ़ाकर लेने की जानकारी मिलने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा बिरौल में अधिक कीमत पर सामान बेचने वाले तीन दुकानदारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है। बैठक में सहायक समाहर्ता अभिषेक पलासिया, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार, उप निदेशक, जन-सम्पर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता एवं व्यवसायी संघ के प्रतिनिधि गण उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal