Breaking News

सी एम कॉलेज के पत्रकारिता सर्टिफिकेट कोर्स एवं इग्नू अध्ययन केंद्र के द्वारा ‘हिन्दी पत्रकारिता दिवस’ पर कार्यक्रम

सी एम कॉलेज के पत्रकारिता सर्टिफिकेट कोर्स एवं इग्नू अध्ययन केंद्र के द्वारा ‘हिन्दी पत्रकारिता दिवस’ पर कार्यक्रम

“हमारी पत्रकारिता : स्वास्थ्य संस्थान एवं कोविड-19” विषयक राष्ट्रीय वेबीनार में 90 से अधिक व्यक्तियों की हुई सहभागिता

आमलोगों को कोविड-19 के प्रति लगातार जागरूकता हेतु कुलपति प्रो एस के सिंह ने सी एम कॉलेज परिवार की की है सराहना- प्रो मुश्ताक

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का प्रतीक मीडिया की रिपोर्ट में जिम्मेदारी के साथ हो सच्चाई व समाज कल्याण की भावना- प्रो कमलानंद

समाज का मजबूत स्तंभ पत्रकारिता का कोरोना जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में है सराहनीय योगदान- डा राजीव कुमार

सी एम कॉलेज के इग्नू अध्ययन केन्द्र में हो पत्रकारिता की स्नातकोत्तर पढ़ाई की शीघ्र व्यवस्था- प्रो विश्वनाथ
हमारी पत्रकारिता समाज- कल्याण,राष्ट्रसेवा तथा मानवीय मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए। यह मात्र पेशा नहीं,बल्कि समाजसेवा का एक बड़ा माध्यम है। पहले जहां लोग धनाभाव में भी निःस्वार्थ पत्रकारिता करते थे, वही आज कॉरपोरेट घराने कुछ अखबार निकालते हैं,जिसके कारण पत्रकारिता अपने वास्तविक लक्ष्य को पूरी तरह पूरा नहीं कर पा रही है। वर्तमान कोरोनाकाल में समाजहित में मीडिया की भूमिका अत्यंत ही सराहनीय रही है। उक्त बातें मिथिला विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो मुश्ताक अहमद ने ‘हिंदी पत्रकारिता दिवस’ के अवसर पर सी एम कॉलेज, दरभंगा के ‘पत्रकारिता सर्टिफिकेट कोर्स’ तथा ‘इग्नू अध्ययन केंद्र’ के संयुक्त तत्वावधान में “हमारी पत्रकारिता : स्वास्थ्य संस्थान एवं कोविड-19” विषयक राष्ट्रीय वेबीनार में मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन करते हुए कही। उन्होंने विभिन्न विषयों पर वेबीनार के माध्यम से कोविड-19 जागरूकता के लिए विश्वविद्यालय की ओर से आयोजकों को बधाई एवं धन्यवाद देते हुए कहा कि आज के दिन हमें अपनी पत्रकारिता का मूल्यांकन करना चाहिए कि हम अपने उद्देश्यों की पूर्ति में कितना सफल हुए हैं?इस अवसर पर कुलसचिव ने छात्र-शिक्षकों के साथ ही आमलोगों को विभिन्न कार्यक्रमों के द्वारा कोविड-19 के प्रति लगातार जागरूकता अभियान चलाने हेतु कुलपति प्रो एस पी सिंह द्वारा सी एम कॉलेज परिवार की सराहना किए जाने की बात कही।
सम्मानित अतिथि के रूप में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र,दरभंगा के सहायक निदेशक डा राजीव कुमार ने पत्रकारिता को समाज का मजबूत स्तंभ बताते हुए कोरोना जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में मुख्य भूमिका हेतु पत्रकारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मीडिया के प्रति लोगों का अलग-अलग नजरिया हो सकता है,पर मीडिया के समाजहित में कोई संदेह नहीं है। आज लोगों में बढ़ रही अत्यधिक जागरूकता एवं शासन-प्रशासन को कर्तव्यबोध कराने में मीडिया अपनी प्रशंसनीय भूमिका निभा रही है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के हिन्दी प्राध्यापक प्रो कमलानंद झा ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का प्रतीक मीडिया की रिपोर्टिंग में जिम्मेदारी के साथ सच्चाई और समाज-कल्याण की भावना होनी चाहिए। कोरोना काल में मीडिया ने स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने में अपनी अहम भूमिका निभाते हुए समाज तथा सरकार का उचित मार्गदर्शन भी कर रहा है। इस विकट काल में भी हमारे पत्रकार अपनी जान की परवाह किए बिना सेना की तरह सेवा दे रहे हैं। समाज और सरकार की ओर से उन्हें उचित सम्मान और सुरक्षा मिलना चाहिए। प्रोफेसर झा ने कहा कि कोविड ने बता दिया कि आमलोगों के लिये सरकारी तंत्र का कोई विकल्प नहीं है,जिन्हें आज और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने की आवश्यकता है।
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय,वर्धा के हिन्दी-शोधार्थी सत्यम भारती ने कहा कि बिहार जैसे हिंदी भाषी प्रांतों में हिंदी पत्रकारिता आम जनता से जुड़कर उनके हित में काम कर रही है। यह समाज और सरकार के बीच न केवल संवाद स्थापित करती है,बल्कि समाज से अफवाहों,अंधविश्वास,भ्रांतियां व गलत धारणाओं को भी दूर कर जागरूक बनाता है। भारत में 238 से अधिक पत्रकारों का कोरोना काल में देहांत तथा उन पर हो रहें हमले आदि अत्यंत दुखदाई है।
गुरुकुल एकेडमी,हरदोई (यूपी) की हिंदी शिक्षिका डा प्रीति कुमारी ने कहा कि वर्तमान भयावह काल में मीडिया अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए हमें इस संकट की घड़ी से निकलने में काफी मदद कर रही है। साथ ही हमारी समस्याओं को दूर करने में हर संभव सार्थक प्रयास किया जा रहा है।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य प्रो विश्वनाथ झा ने मिथिलांचल के संवेदनशील पत्रकारों की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि क्योंकि पत्रकार आमलोगों से वास्तविक रूप से जुड़े होते हैं, इसलिए वे न तो डरते हैं और न ही सत्य को छोड़ते हैं।निर्भीक बनने के लिए हमें काफी संघर्ष करना पड़ता है। पत्रकार कांटों पर चलते हुए जनसेवा करते हैं। उन्होंने छात्रों से बेवाक व बेदाग पत्रकार बनने का आह्वान करते हुए कहा कि सत्य हमेशा ही विजयी होता है।अंध भौतिकतावाद एवं व्यक्तिवाद दोनों हमारे लिए काफी खतरनाक है। प्रधानाचार्य ने सी एम कॉलेज,दरभंगा के इग्नू अध्ययन केंद्र में शीघ्र ही पत्रकारिता में स्नातकोत्तर कक्षा की पढ़ाई प्रारंभ करने का संकल्प व्यक्त किया।
वेबीनार में विषय प्रवेश पत्रकारिता के शिक्षक पिनाकी शंकर ने किया।वहीं संयोजक डा आर एन चौरसिया के संचालन में आयोजित सेमिनार में अतिथियों का स्वागत इग्नू के सहायक समन्वयक डा शैलेंद्र श्रीवास्तव ने किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन इग्नू सहायक समन्वयक डा शिशिर कुमार झा ने किया।
वेबीनार में मगध विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र से डा बसंत कुमार,गया से उर्दू प्राध्यापक डा अब्दुल हई, सासाराम से हिंदी प्राध्यापिका डा रीता दुबे,बेगूसराय से प्रीति कुमारी,डा भक्तिनाथ झा,डा काशीनाथ मिश्र,डा रवि कुमार, राघव झा,डा कौशलेंद्र कुमार,डा आशीष,अपर्णा कुमारी,राहुल कुमार महतो,राजकुमार गणेशन, शशि कुमार सोनी,अंजली कुमारी, दीपशिखा,आकांक्षा निधि,प्राची पराशर,अनिल कुमार सिंह,बीएड शिक्षक डा बैजू बावरा,मुस्कान अग्रवाल,मोहम्मद सैफुल्लाह, कनक प्रिया,मोमित लाल,सुभाष रमन,कुमार अनुराग,पिंकी त्रिपाठी,अश्विनी भगत,डा शंभू मंडल सहित 90 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

Check Also

• मत्स्य शिकारमाही एवं विपणन किट एवं कास्ट (फेका) जाल पैकेज किया गया वितरण… 

🔊 Listen to this   • मत्स्य शिकारमाही एवं विपणन किट एवं कास्ट (फेका) जाल …