दरभंगा स्टेशन पर भाप मशीन का सांसद गोपाल जी ठाकुर ने फीता काटकर किया शुभारंभ

अजित कुमार सिंह की रिपोर्ट
दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर वेपोराइजिंग सिस्टम (भाप मशीन) का शुभारंभ किया और रेल विकास परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि रेल यात्री 4 नोब वाले इस भाप मशीन के माध्यम से भाप ले सकेंगे है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भाप लेना बेहद जरूरी है, इससे मनुष्य के फेफड़े सुरक्षित रहते है। उन्होंने कहा कि भाप लेने से कोरोना संक्रमण का असर अधिक नहीं होता है और इसके साथ साथ कई अन्य बीमारियों के विरुद्ध प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है।
सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि 253 करोड़ की लागत से 9.8 किलोमीटर लंबी रेल लाइन “काकरघाटी बाईपास” निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि काकरघाटी बाईपास के निर्माण के बाद दरभंगा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और निकट भविष्य में पूर्वोत्तर भारत की रेल यात्रा इसी मार्ग से होगी।
सांसद ने कहा कि दरभंगा जिले के बनने वाले 10 रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण हेतु फाइनल रिवाइज एस्टीमेट बिहार सरकार द्वारा रेलवे को स्वीकृति हेतु जल्द ही भेजा जा रहा है, इसको लेकर सभी विभागीय कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि फाइनल रिवाइज एस्टीमेट के स्वीकृत होने के साथ ही कैबिनेट और टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूर्ण होगी और दरभंगा संसदीय क्षेत्र के 9 व जिले के सभी 10 आरओबी का निर्माण कार्य शुरू होगा।
श्री ठाकुर ने कहा कि पटना रेलवे स्टेशन के तर्ज पर दरभंगा स्टेशन के दोनों मुख्य द्वार को भव्य रूप से बनाया जाएगा, स्टेशन के दोनों तरफ(प्लेटफॉर्म 1 और प्लेटफॉर्म 6) सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार होगा, प्लेटफ़ॉर्म संख्या 6 पर लिफ्ट का निर्माण होगा एवं दरभंगा स्टेशन का पूर्ण भव्य सौंदर्यीकरण भी होगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा-समस्तीपुर दोहरीकरण का कार्य प्रगति पर है, इसके साथ साथ दरभंगा स्टेशन पर 1.5 करोड़ की लागत से अधिकारियों के ठहरने हेतु अति विशिष्ट भवन का निर्माण कराया जा रहा और रेलवे कर्मचारी के आवास हेतु 42 यूनिट टाइप टू क्वार्टर का निर्माण कार्य भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि दरभंगा स्टेशन बिल्डिंग के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है, जल्द ही दरभंगा स्टेशन पूरी तरह संस्कृत विश्वविद्यालय के स्वरूप में दिखने लगेगा, सौंदर्यीकरण के कार्य को पूर्णतः पूर्ण किये जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया और वहीं दरभंगा स्टेशन के सभी नवनिर्मित एसकेलेटर का भी निरीक्षण किया तथा प्लेटफार्म संख्या 6 पर एसकेलेटर के निर्माण हेतु भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
सांसद ने कहा कि लहेरियासराय स्टेशन पर जल्द ही 2 फुट ओवर ब्रिज एवं एक लो कॉस्ट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू होगा तथा स्टेशन परिसर में एप्रोच रोड और सर्कुलेटिंग एरिया का भी विकास होगा। उन्होंने कहा लहेरियासराय स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1, 2 एवं 3 पर यात्री शेड का भी निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि लहेरियासराय रेलवे स्टेशन पर 30 यूनिट आवासीय क्वार्टर का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिसमें टाइप टू एवं टाइप-3 दोनों तरह का क्वार्टर शामिल है।
सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और रेलमंत्री पीयूष गोयल जी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का सर्वांगीण विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल मे भारतीय रेल ने ऐतिहासिक कार्य किया है, फिर चाहे वो किसान रेल हो, श्रमिक स्पेशल हो या ऑक्सीजन रेल। उन्होंने कहा कि कोरोना के विपरीत परिस्थिति में कार्य करने वाले सभी रेलवे अधिकारियों व कर्मचारियों के को साधुवाद दिया।
सांसद के साथ सीनियर डीईएन विनोद गुप्ता, एडीईएन अब्दुस समद, सीनियर सेक्शन इंजीनियर(कार्य) फरहान हाशमी, जेई(कार्य) रमेश कुमार, स्टेशन डायरेक्टर पुष्कर कुमार, स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार, जीआरपी प्रभारी हारून रशीद आदि लोग मौजूद रहे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal