कोरोना से ठीक होने के बाद भी डायबिटीज रोगी रखें अपना ख्याल
•पौष्टिक खानपान व योग ज़रूरी
•समस्या होने पर लें चिकित्सकीय सलाह

दरभंगा कोरोना से संक्रमित होने के बाद डायबिटीज के मरीजों की इम्यूनिटी बहुत कमजोर हो जाती है। ऐसे में बहुत जरूरी है कि वह अपनी डाइट का विशेष ख्याल रखें। डायबिटीज के मरीज की सेहत बहुत हद तक उनकी डाइट पर निर्भर करती है। कोरोना होने के बाद कई मरीजों को भूख लगना बंद हो जाता है या भोजन को लेकर कोई रुचि नहीं रह जाती है। ऐसे में डायबिटीज के मरीज की डाइट की रूटीन बिगड़ती है जिससे उनका शुगर स्तर अनियंत्रित हो सकता है. अनियंत्रित शुगर स्तर के कारण अन्य बीमारियों के होने का खतरा भी बढ़ जाता है. .इसलिए यह बहुत जरूरी है कि आप इसके प्रति लापरवाही न बरतें। कोरोना से ठीक होने के बाद पूरी तरह से अपना ध्यान इसपर ही लगाएं।
मौसमी फलों का सेवन:
सदर पीएचसी प्रभारी डॉ उमाशंकर प्रसाद के अनुसार फलों के सेवन से हमारे शरीर को कई सारे लाभ पहुंचते हैं क्योंकि इनमें कई सारे पोषक तत्व पाए जाते हैं। शरीर को आवश्यक सभी विटामिन्स और खनिजों की पूर्ति फलों से हो ही जाती है। रोग-प्रतिरोधक क्षमता को विकसित करने के लिए बहुत जरूरी है कि शरीर को विटामिन-मिनरल्स मिलते रहें। फलों में फाइबर और एंटी-ऑक्सिडेंट्स भी पाए जाते हैं, इनसे शुगर लेवल स्थिर रहता है. इसलिए इनका सेवन जरूर करें। फलों में केले,आम और चीकू का सेवन बहुत अधिक मात्रा में न करें।
होल ग्रेन का सेवन:
होल ग्रेन ब्लड शुगर को नहीं बढ़ाते हैं बल्कि उन्हें नियंत्रण में रखते हैं. इसलिए इनका सेवन जरूर करें इनमें फाइबर पाया जाता है। ज्वार, बाजरा और रागी जैसे अनाज के सेवन से पेट भी भर जाएगा और सेहत भी प्रभावित नहीं होता है। इनके सेवन से आपके शरीर में कोरोना के कारण आई कमजोरी भी धीरे-धीरे दूर होने लगेगी। होल ग्रेन्स में अच्छी मात्रा में विटामिन्स और मिनरल्स पाए जाते हैं।
प्रोटीन लेना जरूरी:
कोरोना के समय डायबिटीज मरीजों की डाइट में अक्सर लापरवाही हो जाती है. इसलिए बाद में डाइट को लेकर विशेष ध्यान रखें। राजमा, चना और दाल, इनसे ब्लड शुगर स्तर नियंत्रण में तो रहता ही है साथ ही शरीर को प्रोटीन भी मिलती है. इसलिए इनका सेवन जरूर करना चाहिए। लो फैट दूध, दही और चीज को भी अपनी डाइट में शामिल करना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
समय से खाना लें:
डायबिटीज के मरीजों के लिए बहुत जरूरी है कि वह इस बात का ध्यान रखें कि वे किसी भी कारण से लंबे समय के लिए भूखे न रहें। कोशिश करें कि हर एक घंटे में थोड़ा बहुत कुछ-कुछ खाते रहें। ऐसा करने से आपके ग्लूकोज लेवल में अचानक उछाल नहीं आएगा। खाने के समय को लेकर लापरवाही करने पर पूरी संभावना है कि आपको सेहत को लेकर परेशान होना पड़ सकता है।
गंभीर बीमारी है डायबिटीज: स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक भारत में हर छठा व्यक्ति उच्च रक्त शर्करा की परेशानी से जूझ रहा है। एक अध्ययन के मुताबिक साल भर में भारतीय लगभग 18 किलो चीनी खाते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक डायबिटीज मरीजों का ब्लड शुगर अगर बढ़ जाता है तो इससे किडनी, आंख, मस्तिष्क, त्वचा और पैर पर असर पड़ता है।
योग है जरूरी:
कपालभाति और मंडूकासन करने से डायबिटीज पर काबू पाया जा सकता है। कपालभाति से बीटा सेल्स एक्टिवेट होते हैं और री-जनरेट होते हैं। मंडूकासन 5 मिनट करने से ब्लड शुगर काबू में होता है। इसके अलावा, गोमुखासन, लोकासन, उत्तानपादासन, नौकासन, सेतुबंधासन और ताड़ासन जैसे योग अभ्यासों को 5-5 मिनट करना चाहिए।
कोरोना से बचाव के लिए टीका लेना जरूरी:
कोरोना काल मे मास्क पहने। हाथ को साफ रखें। अनावश्यक रूप से बाहर न जाए। अतिआवश्यक होने पर बाहर भीड़ भाड़ से बचे। कोरोना से बचाव को ले वेक्सिनेशन कराए। सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क टीका दिया जाता है। साथ ही चिकित्सा को लेकर अस्पतालों में 24 घण्टे डॉक्टर की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है। इसका लाभ लें।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal