जिला स्कूल डेडिकेटेड कोविड अस्पताल हुआ खाली
एकलौते मरीज को किया डिस्चार्ज
कोरोना से बचाव के लिए टीका का दोनों डोज़ अवश्य लें- डॉ अहसन हमीदी

दरभंगा जिला स्कूल डेडिकेटेड कोविड अस्पताल मरीजों से खाली हो गया है। यहां इलाजरत एकलौते मरीज को मंगलवार को घर भेज दिया गया।. इस प्रकार कोरोना की दूसरी लहर में पहली बार जिला स्कूल डेडिकेटड अस्पताल में एक भी मरीज इलाजरत नहीं है। वहां केवल प्रतिनियुक्त कर्मी रह गये हैं। विभागीय आदेश के बाद सभी कर्मियों को उनके मूल जगह भेजने की बात बतायी गयी है।. वहीं डीएमसीएच कोरोना अस्पताल में भी मरीजों की संख्या कम होती जा रही है। वार्ड के अधिकांश बेड खाली हो गये हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार वार्ड में केवल 59 मरीज इलाजरत हैं। वार्ड के 69 बेड पर मरीज नहीं हैं। बुधवार को केवल दो नये मरीज को भर्ती किया गया है जबकि करीब आधा दर्जन मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। आईसीयू में छह मरीज के इलाजरत होने की सूचना है।
रिकवरी रेट 94 पर पहुंची:
बुधवार को जिला में कोरोना के 29 नये केस मिले हैँ। विभागीय जानकारी के अनुसार कुल आंकड़ा 10264 पर पहुंच गया है। इसमें से 9675 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।विभिन्न जगहों पर 403 संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है। जिला में 186 लोगों की मौत कोरोना से हुई है। जिला का रिकवरी रेट 94 है।
अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था हो रही सामान्य:
जिला में कोरोना का आंकड़ा नीचे की ओर आ रहा है।. इससे चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने राहत की सांस ली है। डीएमसीएच प्रशासन के अनुसार पहले की अपेक्षा कोरोना मरीज कम हुये हैं। कुछ दिन पूर्व आइसोलेशन वार्ड भरा हुआ रहता था।. 24 घंटे अस्पताल में अफरा- तफरी मची थी। उधर आपातकालीन विभाग में भी आपाधापी नजर आ रही थी।इस दौरान कई कर्मियों को सांस लेने की फुर्सत तक नहीं थी। इसमें चिकित्सक, नर्स व हैल्थ मैनेजर व अन्य कर्मी शामिल हैं। वहीं डीएमसीएच में प्रतिनियुक्त प्रशासनिक अधिकारियों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है जबकि चिकित्सकीय व्यवस्था में सुधार को लेकर डीएम डॉ त्यागराजन का नेतृत्व चर्चा का विषय रहा है। लेकिन अब स्थिति मे धीरे- धीरे सुधार हो रहा है। वहीं गंभीर मरीजों की संख्या में भी कमी आयी है। फिलहाल डीएमसीएच में 33 बेड का आईसीयू संचालित है। इसमें से नये आईसीयू में आठ व पुराने में सात मरीजों के इलाजरत होने की बात कही गयी है। इस प्रकार आईसीयू के 18 बेड खाली हैं।
संक्रमण का खतरा नहीं हुआ समाप्त:
डीएमसीएच के कोरोना जांच नोडल पदाधिकारी डॉ अहसन हमीदी ने कहा अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था धीरे धीरे सामान्य हो रही है। कोविड मरीज़ों की संख्या लगातार घट रही है। पहले की अपेक्षा इक्का दुक्का मरीज़ भर्ती हो रहे हैं। जबकि अपेक्षाकृत रोजाना आधा दर्जन से अधिक कोरोना मरीज़ के स्वास्थ्य ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया जा रहा है। लिहाजा वार्ड व आईसीयू के अधिकांश बेड खाली हो गए हैं। बताया इसी प्रकार संक्रमण घटता रहा तो जल्द वार्ड खाली हो जाएगा। कहा स्थिति ठीक होने के बावजूद संक्रमण का खतरा अभी टला नही है। सभी को कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन करना चाहिए। संक्रमण से बचाव के लिए हमेशा मास्क पहनना ज़रूरी है। हाथ को नियमित अंतराल पर साफ रखें। भीड़ भाड़ में न जाए।. बच्चों, गर्भवती महिला व बुजुर्गो का खास खयाल रखना आवश्यक है। कहा कोरोना से बचने के लिये टीका की दोनों डोज़ लेना अनिवार्य है।. इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।. टीकाकरण सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क किया जा रहा है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal