Breaking News

Bihar दरभंगा ;- सेवा की मिसाल कायम करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित करेगा विद्यापति सेवा संस्थान

सेवा की मिसाल कायम करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित करेगा विद्यापति सेवा संस्थान

दरभंगा news24live अजित कुमार सिंह

कोरोना के दूसरे लहर के दौरान उत्पन्न भयावह स्थिति में मानव सेवा का अभूतपूर्व परिचय देते हुए अपनी जान की बाजी लगाकर मरीजों का उपचार करने वाले चिकित्सकों को विद्यापति सेवा संस्थान सम्मानित करेगा। निर्णय की जानकारी देते हुए संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ उमेश चंद्र झा ने जिस प्रकार कोरोना महामारी के कारण उत्पन्न आपदा की स्थिति में आईसीयू के बेहतर प्रबंधन के साथ ही चिकित्सा की व्यवस्था में अपेक्षित सुधार करते हुए समाज की अपेक्षा पर खरा उतरने का प्रयास किया, यह न सिर्फ काबिले गौर है, बल्कि काबिले तारीफ भी है। उन्होंने कहा कि उनकी चिकित्सकीय सूझबूझ से जहां कोरोना पर समय रहते नियंत्रण पाकर सैकड़ों मरीजों को मौत के मुंह में जाने से बचाया जा सका। वहीं उनके द्वारा कायम व्यवस्था का लाभ कोरोना के संभावित तीसरे लहर में भी मिलना अवश्यंभावी है।
उन्होंने कहा कि कोरोना की भयावह स्थिति से उबरने में विवेकानंद कैंसर अस्पताल के डॉ अशोक कुमार सिंह, आईबी स्मृति सेवा संस्थान के डाॅ एम के शुक्ला, डीएमसीएच के एनेस्थेसिया विभाग के अध्यक्ष डॉ हरि दामोदर सिंह एवं प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ ओम प्रकाश के योगदान को भी कम कर नहीं आंका जा सकता। उन्होंने बताया कि इन चिकित्सकों ने इस महामारी के दौरान अस्पतालों में राउंड दि क्लाॅक अपनी सेवा देने के साथ ही आइसोलेशन में रहने वाले हजारों मरीजों का भी बेहतर ऑनलाइन उपचार कर एक नई मिसाल कायम की है। इस अभूतपूर्व सेवा के लिए उनके सहित मानव सेवा के लिए समर्पित अन्य चिकित्सकों को भी संस्थान के द्वारा नवंबर महीने में आयोजित होने वाले 49 में मिथिला विभूति पर्व समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
आपदा की अराजक स्थिति में मानव सेवा की मिसाल कायम करने वाले चिकित्सकों के कर्त्तव्य निष्ठा की प्रशंसा करते हुए मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा, संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ बुचरू पासवान, सचिव प्रो जीवकांत मिश्र, वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा, संस्थान की मुख पत्रिका अर्पण के संपादक डाॅ महेन्द्र नारायण राम, मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढाभाई, प्रो विजय कांत झा, विनोद कुमार झा, दुर्गानंद झा आदि ने विद्यापति सेवा संस्थान के निर्णय का स्वागत किया है।

Check Also

• आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित… 

🔊 Listen to this   • आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की …