ज़िला में युवाओं का वैक्सीनेशन फिर से शुरू
जिला को मिले 16 हजार डोज
अब तक 71 हज़ार से अधिक युवाओं को कोरोना से बचाव को ले दिया पहला डोज़
पूर्व में रजिस्टर्ड युवाओं को दिया जायेगा टीका
फिलहाल नहीं होगा 18 प्लस का ऑन स्पाट वैक्सीनेशन

दरभंगा जिला में 31 सत्र स्थलों पर गुरूवार से 18 प्लस वाले लाभार्थियों का वैक्सीनेशन फिर से शुरू किया गया। देर रात 16 हजार डोज राज परिसर स्थित क्षेत्रिय वैक्सीन स्टोर में पहुंच गई। वैक्सीन सेंटर से जिला सहित मधुबनी व समस्तीपुर को टीका आपूर्ति कर दी गई है। विभाग की ओर से दरभंगा व मधुबनी के लिये 16- 16 हजार डोज व समस्तीपुर के लिये 10 हजार डोज की आपूर्ति की गयी है। डीआईओ डॉ एके मिश्रा ने कहा फिलहाल पूर्व में पंजीकृत युवाओं को कोरोना से बचाव के लिये टीका दिया जायेगा. ऑन स्पॉट वैक्सीनेशन अभी नहीं शुरू नहीं की जायेगी। बाद में विभागीय निर्देश के बाद युवाओं को ऑन स्पॉट टीकाकरण की सुविधा मुहैया करायी जायेगी। कहा बीते 27 मई से वैक्सीन के अभाव में युवाओं का टीकाकरण पर रोक लगा दी गयी थी। बुधवार को देर शाम वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद संबंधित टीकाकरण स्थलों को मुहैया कराई गई है। कई जगहों पर दो- दो सत्र स्थल आयोजित किये जायेंगे। जहां 45 प्लस व युवाओं को टीकाकृत साथ- साथ किया जायेगा। इसे लेकर विभाग ने पूर्व में ही कर्मियों को सूचित कर दिया गया है। लक्ष्य के अनुसार टीकाकरण सत्र स्थलों पर गुरूवार की सुबह वैक्सीन उपलब्ध करा दी गयी है. डॉ मिश्रा ने बताया वैक्सीन एलोट होने के बाद गुरूवार से 18 प्लस लाभार्थियों का वैक्सीनेशन शुरू किया गया है। वहीं 45 प्लस का भी टीकाकरण साथ- साथ संचालित किया जायेगा। संक्रमण से बचाव को लेकर सभी सत्र स्थलों पर कर्मियों को कोरोना प्रोटोकॉल के अनुपालन का निर्देश दिया गया है। साथ ही लोगों से भीड़- भाड़ नहीं लगाने की अपील की गयी है। कहा टीका लेने वालों को आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। बताया अब तक 71 हज़ार से अधिक 18 प्लस वालों का टीकाकरण किया जा चुका है।
पहले दिन 5785 युवाओं को दिया कोरोना का टीका
विभिन्न सत्र स्थलों पर गुरूवार को 5785 युवा व 3028 बुजुर्गों को कोरोना से बचाव का टीका दिया गया। वहीं कोरोना एक्सप्रेस वाहन से 2088 लोगों को वैक्सीन दी गयी। इस प्रकार कुल 10901 लाभार्थियों को टीकाकृत किया गया. सबसे अधिक शहरी क्षेत्र में 1430 लोगों ने टीका लिया. अलीनगर में 330, बहादुरपुर में 630,बहेड़ी में 680, बेनीपुर में 420, बेनीपुर एसडीएच में 200, डीएमसीएच में 250, बिरौल में 580, गौड़ाबौराम में 160, घनश्यामपुर में 340,हनुमाननगर में 230, हायाघाट में 280, जाले में 420, कुशेश्वरस्थान में 100, कुशेश्वरस्थान सतीघाट में 170, केवटी में 430, किरतपुर में 98, मनीगाछी 315, सदर में 660, सिंहवारा में 790, तारडीह में 300, लोगों का वैक्सीनेशन किया गया. दिये गये आंकड़ा में युवा व बुजुर्गों को दिया गया टीका शामिल है. शहरी टीकाकरण में एमएल एकेडमी लहेरियासराय, पुलिस लाइन हॉस्पीटल लहेरियासराय, मुकुंदी चौधरी उच्च विद्यालय कादिराबाद, राज परिसर स्थित एमसीएच, आयुर्वेदिक अस्पताल आयकर चौराहा, टाउन हॉल नगर निगम, डीएमसीएच, बहादुरपुर स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सदर शामिल है.
जीविका दीदी, शिक्षक एवं आंगनबाड़ी सेविका के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाय
उप विकास आयुक्त, दरभंगा तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बी.पी.एम. (जीविका) के साथ विकास भवन अवस्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में कोविड टीकाकरण को लेकर बैठक की गयी। उप विकास आयुक्त ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों के बीच टीकाकरण को लेकर जो उदासीनता बनी हुई है, उसे दूर करने के लिए जीविका दीदी, शिक्षक एवं आंगनबाड़ी सेविका के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाये। उन्होंने उपस्थित सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी को कहा कि वे अपने प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर टीकाकरण एक्सप्रेस के लिए रोस्टर बना लें और टीकाकरण दिवस से 03/04 दिन पूर्व वहाँ के जीविका दीदी, आंगनवाड़ी सेविका, शिक्षक, ग्राम सचिव के माध्यम से 45 वर्ष से ऊपर वाले लोगों से बातचीत कर, जागरूक कर उन्हें टीका लेने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सभी को प्रतिदिन विहित प्रपत्र में पूरी जानकारी देनी होगी उनके द्वारा सूचीबद्ध कितने लोगों ने टीका लिया। इसमें किसी कर्मी द्वारा सहयोग नहीं करने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा 45 वर्ष से ऊपर वाले लोगों के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान का प्रतिदिन जिला स्तर पर भी अनुश्रवण भी किया जाएगा। बैठक में सहायक समाहर्त्ता अभिषेक पलासिया, जिला पंचायत राज पदाधिकारी आलोक राज, वरीय उप समाहर्त्ता,ललित राही एवं गौरव शंकर उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal