शहीद किसानों की याद में किसान संघर्ष समन्वय समिति ने मनाया संकल्प दिवस
दरभंगा
हम किसान तीन कृषि विरोधी कानूनों को रद्द कराने, सभी कृषि उत्पादों की लागत से डेढ़ गुना (सी2 +50) दाम पर खरीद की कानूनी गारंटी देने और बिजली संशोधन बिल 2020 को रद्द कराने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में दिल्ली की बॉर्डरों पर और देश भर में 192 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, जिसमें हमारे 500 से अधिक किसान साथी शहीद हो चुके हैं।
और आज ही के दिन 6 जून 2017 को मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा मंदसौर में समर्थन मूल्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों पर गोली चलाया गया था, जिसमें 6 किसान शहीद हुए थे। इनके शहादत दिवस को अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के राष्ट्रीय आवाह्न पर संकल्प दिवस सीपीआई कार्यालय में किसान नेताओं ने शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि कर मनाया।
मौके पर किसान सभा के जिला अध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी ने कहा कि मंदसौर की घटना में भाजपा सरकार ने दोषी अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा चलाने की बजाय उन्हें क्लीन चिट दे दी है। सरकार ने समर्थन मूल्य सुनिश्चित करने की मांग को भी अस्वीकार कर दिया है। जब तक केंद्र सरकार तीन कृषि कानूनों को रद्द करने, सभी कृषि उत्पादों की लागत से डेढ़ गुना दाम पर खरीद की कानूनी गारंटी देने, बिजली संशोधन बिल 2020 वापस नहीं लेती तब तक हमारा सतत् संघर्ष जारी रहेगा।
आज संकल्प दिवस पर हम संकल्प लेते हैं कि समाजहित, देश हित और संविधान के मूल्यों को पुनस्थापित करने हेतु किसान आंदोलन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन लगाकर शहीद किसानों के सपनों को साकार करने के लिए हम हर कुर्बानी देने को तैयार रहेंगे।
हम किसान आंदोलन के उद्देश्यों को गांव गांव तक पंहुचाएंगें तथा किसान -मजदूर विरोधी सरकार की नीतियों के खिलाफ व्यापक एकजुटता बनाकर लड़ते रहेंगे और जीतेंगे।
मौके पर एटक नेता सुरेन्द्र नारायण मिश्र, किसान युवा नेता रामनाथ पंजियार, रंधीर कुमार झा, प्रशंनजीत प्रभाकर, गौतम कांत चौधरी, शरद कुमार सिंह, प्रमोद कुमार झा, महेन्द्र साह आदि ने पुष्पांजलि कर सभी शहीदों को याद किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal