कोविड टीकाकरण को लेकर जिलाधिकारी ने धार्मिक संगठनो के साथ की बैठक
• समाहरणालय सभाकक्ष में हुई बैठक
• डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक
• टीकाकरण के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने को बनाई गई रणनीति

मधुबनी जिले में कोविड टीकाकरण अभियान जोर-शोर से चल रहा है। टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए टीका एक्सप्रेस की शुरुआत की गयी है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी टीका के प्रति अफवाह व भ्रांतियां फैली हुई हैं । कोविड टीकाकरण के प्रति फैली अफवाहों व भ्रांतियों को दूर करने के लिए जिलाधिकारी अमित कुमार ने एक अहम बैठक की। इसमें जिला स्तरीय अल्पसंख्यक समुदाय के धर्मगुरु ,जिले के बड़े मदरसे के मौलाना, काजी एवं अन्य धार्मिक संगठन के लोगों को आमंत्रित किया गया था। बैठक गुरुवार को अपराहन में जिलाधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित की गयी । डीएम ने कहा कि लाभार्थियों में टीकाकरण के प्रति व्याप्त भ्रांतियों का होना प्रमुख कारण है। अभियान के सफल संचालन के लिए इसका तत्क्षण निराकरण किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
संचार माध्यमो से भ्रांतियों के खिलाफ चलेगा अभियान:
जिलाधिकारी अमित कुमार ने कहा कि इस बैठक के माध्यम से जनसमुदाय में कोविड 19 टीकाकरण के प्रति व्याप्त भ्रांतियों की समीक्षा कर उसके तत्क्षण सशक्त प्रमाण के माध्यम से निराकरण करना सुनिश्चित किया जायेगा। इसके साथ ही इस प्रकार की अफवाहों को दूर करने तथा टीकाकरण से होने वाले लाभ से जनमानस को अवगत कराने के लिए विभिन्न संचार माध्यमों यथा समाचार पत्रों, प्रिन्ट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया आदि के माध्यम प्रचार-प्रसार किया जायेगा।
टीकाकरण के प्रति समाज में फैली है भ्रांतियां:
जिलाधिकारी अमित कुमार ने कहा कि जिले में 18 से 44 वर्ष व 45 या उससे अधिक उम्र के लोगों को टीका देने का काम चल रहा है, लेकिन अभी भी टीकाकरण के प्रति समाज में तरह-तरह की भ्रांतियां फैली हुई हैं। भ्रांतियों को जब तक दूर नहीं किया जाएगा तब तक शत प्रतिशत लक्ष्य को पूरा नहीं किया जा सकता है। उन्होंने बताया, ग्रामीण इलाक़ों में टीकाकरण केंद्रों का भ्रमण करने के दौरान समझ में आता है कि टीका को लेकर अभी भी लोगों के मन में कई शंका पनपती हैं। इसलिए सबसे जरूरी है कि ग्रामीण क्षेत्रों में फैलाई गई भ्रांतियों व अफवाहों को दूर किया जाए। जिससे टीकाकरण कार्य में तेज़ी आ सके।
बैठक में मदरसा फलाहुल मुस्लेमीन ,मदरसा इस्लामिया ,मदरसा इस्लाहुल मुस्लेमीन ,आदि मदरसों एवम् मस्जिद् के इमाम जैसे मौलाना अब्दुल्लाह,मुफ़्ती रूहल्लाह,मौलाना अनीसुर रहमान ,मो0 वारिस साहेब,मो0 फखरे एवम् बहुत से गणमान्य लोगों के साथ सकरी से श्रीमती सईदा बानो के साथ बहुत से गणमान्य लोग शामिल थे । स्वास्थ्य विभाग से उपस्थित सिविल सर्जन ,केअर के महिंदर सोलंकी , डब्ल्यूएचओ के डा0 आदर्श ,यूनिसेफ़ के एसएमसी प्रमोद झा, सीएचसी राजनगर के मो0 इसमतुल्लाह उर्फ़ गुलाब शामिल थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal