Breaking News

स्टालिन के बयान का विद्यापति सेवा संस्थान ने किया समर्थन

स्टालिन के बयान का विद्यापति सेवा संस्थान ने किया समर्थन
मैथिली भाषा के उन्नयन के लिए स्टालिन के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करेगा संस्थान

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के उस बयान का विद्यापति सेवा संस्थान ने स्वागत किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि द्रमुक सरकार संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल तमिल सहित सभी 22 भाषाओं को केंद्र की आधिकारिक एवं प्रशासनिक भाषा का दर्जा दिलाने के लिए दृढ़ता से काम करेगी। स्टालिन के बयान का समर्थन करते हुए संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 343 के अनुसार केंद्र सरकार की आधिकारिक भाषा अद्यतन देवनागरी लिपि में हिंदी है। जबकि संविधान की आठवीं अनुसूची में हिंदी सहित कुल 22 भाषाएं दर्ज हैं।
उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 345 का हवाला देते हुए कहा कि यह किसी भी राज्य की राजभाषा या भाषाओं से संबंधित है। जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कोई भी राज्य विधायिका कानून द्वारा उस राज्य के आधिकारिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए एक या एक से अधिक भाषाएं अपना सकती है। लेकिन यह हास्यास्पद है कि संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल बिहार की एकमात्र भाषा मैथिली को सोची-समझी वोट की राजनीति के तहत अब तक राजकाज की भाषा बनाने से वंचित रखा गया है।
उन्होंने मैथिली भाषा को बिहार की सबसे पुरानी भाषा बताते कहा कि इसका न सिर्फ अपना स्वतंत्र व्याकरण है बल्कि इसकी अपनी लिपि मिथिलाक्षर आज भी जीवंत है। उन्होंने मैथिली के विशिष्टताओं की चर्चा करते कहा कि मैथिली महाकवि विद्यापति 11वीं सदी में हुए लेकिन उनकी रचनाएं और मधुर गीत आज भी देश-विदेश में सांस्कृतिक और शुभ विवाह के अवसरों पर गाए जाते हैं। इसके साथ ही हिन्दी व्याकरण के निर्माता पाणिणी भी मिथिला के ही थे। जबकि महाकवि कालीदास को मधुबनी में स्थित उच्चैठ सिद्धपीठ में ज्ञान की प्राप्ति हुई थी।
डाॅ बैजू ने द्रमुक के अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के मुहिम का समर्थन करते कहा कि संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल मैथिली सहित सभी 22 भाषाओं को केंद्र की आधिकारिक एवं प्रशासनिक भाषा का दर्जा दिलाने की मुहिम में विद्यापति सेवा संस्थान हर तरह का सहयोग और समर्थन करेगी। स्टालिन के बयान का मैथिली लोक संस्कृति मंच के महासचिव प्रो उदय शंकर मिश्र ने भी समर्थन करते हुए मैथिली के सर्वांगीण विकास के लिए मैथिली सेवी संस्थानों से एक मंच पर आने का आह्वान किया है।

Check Also

• आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित… 

🔊 Listen to this   • आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की …