हर विधान सभा क्षेत्र में सी.एच.सी., ए.पी.एच.सी. एवं 05 एस.एच.सी. का होगा निर्माण
भवन निर्माण के लिए जमीन चिह्नित करने को लेकर हुई बैठक
एक सप्ताह के अंदर प्रस्ताव भेजा जाए

दरभंगा समाहरणालय, दरभंगा अवस्थित अम्बेडकर सभागार में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में जिले के प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, एक अपर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं पाँच उप स्वास्थ्य केन्द्र के भवन चाहरदीवारी के साथ निर्माण के लिए जमीन चिह्नित करने को लेकर राजस्व विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की गयी। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने अपर समाहर्त्ता (राजस्व) एवं दरभंगा के तीनों भूमि सुधार उप समाहर्त्ता को बताया कि सरकार प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, एक अपर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं पाँच उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए चाहरदीवारी के साथ भवन निर्माण कराना चाहती है, ताकि स्वास्थ्य व्यवस्था को उन्नत एवं बेहतर किया जा सके।
एक सप्ताह के अंदर प्रस्ताव भेजा जाए
डीएम ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए 20 हजार स्क्वायर फीट, अपर प्राथामिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए 15 हजार स्क्वायर फीट तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए 03 हजार स्क्वायर फीट भूमि की आवश्यकता बतायी गयी है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए प्रखण्ड मुख्यालय या प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के आस-पास की जमीन को चिह्नित करते हुए 01 सप्ताह के अन्दर प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए। सिविल सर्जन ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए जाले, हायाघाट, मनीगाछी, सतीघाट एवं तारडीह में ही जमीन की आवश्यकता है। शेष विधान सभा क्षेत्रों में जमीन उपलब्ध है तथा कहीं-कहीं भवन का निर्माण किया जा चुका है।
ज़मीन चिह्नित करने को दिया निर्देश
जिलाधिकारी ने इन पाँचों प्रखण्ड के लिए 50- 50 डिसमिल जमीन चिह्नित करने के निर्देश संबंधित भूमि सुधार उप समाहर्त्ता को दिया। विधान सभावार उप स्वास्थ्य केन्द्र की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश डी.पी.एम. (स्वास्थ्य) को दिया गया। उन्होंने कहा कि अपर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए 35 डिसमिल एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए 07-07 डिसमिल भूमि चिह्नित किया जाए, ताकि अस्पताल परिसर को पर्याप्त जगह मिल सके।
टीकाकरण का मॉडल प्रखण्ड बनाने को लेकर दिया निर्देश
इसके अलावा समाहरणालय अवस्थित अम्बेदकर सभागार में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा सिंहवाड़ा प्रखण्ड के पदाधिकारियों के साथ टीकाकरण का मॉडल प्रखण्ड बनाने को लेकर कई निर्देश दिए। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों में जागरूकता लाने को जिले के एक प्रखण्ड को टीकाकरण का मॉडल प्रखण्ड बनाया जाए और इसके लिए सिंहवाड़ा प्रखण्ड का चयन किया गया है। उन्होंने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सिंहवाड़ा को इसकी कार्य-योजना बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा अगले 10 दिनों में सिंहवाड़ा के 25 हजार लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा जाए तथा सिंहवाड़ा को टीकाकरण का एक मॉडल ब्लॉक बनाया जाए। इसके लिए टीकाकरण स्थलों एवं कर्मियों की संख्या में वृद्धि की जाए।
टीकाकरण एक्सप्रेस बढ़ाने को कहा
डीएम ने सिविल सर्जन को सिंहवाड़ा में 04 से 05 अतिरिक्त टीकाकरण केन्द्र बनाने एवं टीकाकरण एक्सप्रेस वाहनों की संख्या भी बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए पंचायत सचिव, जीविका दीदी, शिक्षक, ग्रामीण आवास सहायक सहित सभी कर्मियों को लगाया जाए। साथ ही इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए। कुछ पंचायतों का चयन कर वहाँ शत्-प्रतिशत् टीकाकरण कराया जाए। उक्त बैठक में अपर समाहर्त्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार मिश्र, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, सदर मो. सादूल हसन, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, बिरौल रवि प्रसाद चौहान, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, बेनीपुर चंदन कुमार, डी.पी.एम. (हेल्थ) विशाल कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal